दो दिवसीय कार्यशाला में टीमवर्क, नेतृत्व और ग्रामीणों से बेहतर संवाद पर जोर; पहली बार कार्यालयीन अमला भी प्रशिक्षण में शामिल
धार। वन्यजीवों की सुरक्षा मजबूत करने और जंगलों की निगरानी में जुटे मैदानी अमले का मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से धार वन मंडल में ‘मेरी बीट मेरा अभिमान’ अभियान के तहत दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित की जा रही है। कार्यशाला में वनरक्षकों को फील्ड ड्यूटी के दौरान तनावमुक्त रहते हुए बेहतर तरीके से काम करने, टीम के साथ समन्वय बनाने और आम लोगों से बेहतर संवाद स्थापित करने के गुर बताए जा रहे हैं।
कार्यशाला में सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कर्नल नंदिनी सेन और प्रिया चौधरी ने कर्मचारियों को मानसिक रूप से मजबूत रहने और सकारात्मक सोच के साथ फील्ड में जाने के लिए प्रेरित किया। विभिन्न ग्रुप एक्टिविटी, संवाद, टीम-बिल्डिंग और तनाव प्रबंधन से जुड़ी गतिविधियों के जरिए कर्मचारियों को आपसी सहयोग के साथ काम करने की सीख दी गई।
बीट से लेकर वन्यजीव सुरक्षा तक कई गतिविधियां
‘मेरी बीट मेरा अभिमान’ अभियान के तहत वनरक्षकों को अपनी बीट की नियमित निगरानी, वन्यजीवों की सुरक्षा,अवैध कटाई और शिकार पर नजर,जंगल में होने वाली गतिविधियों की जानकारी जुटाने, ग्रामीणों एवं स्थानीय लोगों से समन्वय रखने और किसी घटना की सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाने जैसे कार्यों के प्रति जागरूक किया जाता है। इसके साथ ही फील्ड कर्मचारियों में टीमवर्क, नेतृत्व क्षमता, आपात स्थिति में निर्णय लेने और मानसिक तनाव से निपटने पर भी जोर दिया जाता है।
पहली बार कार्यालयीन अमला भी शामिल
कार्यशाला में धार वन मंडल के कार्यालयीन कर्मचारियों को भी शामिल किया गया है। इसे लेकर विभागीय स्तर पर चर्चा है। कर्मचारियों का कहना है कि पूर्व में इस तरह के आयोजनों में मुख्य रूप से मैदानी अमले को ही बुलाया जाता था। कार्यालयीन कर्मचारियों को भी प्रशिक्षण में शामिल किए जाने से यह संकेत माना जा रहा है कि विभाग उन्हें भी भविष्य में फील्ड से जुड़े कार्यों और गतिविधियों में शामिल करने की तैयारी कर रहा है।
कार्यक्रम में एसडीओ सुरेश बारोले,रेंजर प्रभुराम मुछाला, उर्मिला वसुनिया, बबीता बघेल, सुशील यादव, नितिन पंवार, चेतना कुशवाह, आशा आर्य, ललिता भारती, मनीष गेहलोत, सोनिली चौहान, जितेंद्र गौड़, आकाश बडेरा, गौरव तिवारी, रितेश त्रिवेदी और प्रिया सिंह सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों ने सहभागिता की।