दो दिन तक मादा तेंदुए की वापसी का इंतजार; अकेले मिले शावक को सुरक्षित वन विहार भेजा, बालक पर हमले के बाद ग्रामीणों में दहशत
धार। गंधवानी वन परिक्षेत्र के बक्तला जंगल में मां से बिछड़े तेंदुए के शावक को वन विभाग ने सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। दो दिन तक मादा तेंदुए की वापसी का इंतजार करने के बाद मंगलवार सुबह करीब 10 बजे टीम ने अकेले रह गए शावक को अपने संरक्षण में लिया। इसके बाद आवश्यक सुरक्षा इंतजामों के साथ उसे भोपाल के वन विहार भेज दिया गया। क्षेत्र में मादा तेंदुए की मौजूदगी और कुछ दिन पहले बालक पर हुए हमले के कारण ग्रामीणों में अब भी दहशत बनी हुई है।
डिप्टी रेंजर केसी बघेल और वनकर्मी भारत रावत की निगरानी में टीम ने जंगल में अभियान चलाकर शावक को सुरक्षित पकड़ा। वन विभाग की टीम पिछले दो दिनों से शावक के आसपास निगरानी कर रही थी। उम्मीद थी कि मादा तेंदुआ अपने बच्चे को लेने वापस आएगी। इसी कारण तत्काल रेस्क्यू करने के बजाय प्राकृतिक रूप से मां और शावक के मिलने का इंतजार किया गया। लेकिन मादा तेंदुआ वापस नहीं लौटी। शावक की सुरक्षा को देखते हुए विभाग ने उसे रेस्क्यू करने का निर्णय लिया।
बालक पर हमले के बाद बिछड़ा था शावक
बताया गया कि करीब चार दिन पहले बक्तला क्षेत्र में मवेशी चराने गए अश्विन नामक बालक पर मादा तेंदुए ने हमला कर दिया था। घटना के बाद मादा तेंदुआ अपने दो शावकों को मुंह में दबाकर सुरक्षित स्थान की ओर ले गई, जबकि तीसरा शावक पीछे जंगल में ही रह गया था।
ग्रामीणों को अकेले जंगल में जाने से रोका
शावक को सुरक्षित वन विहार भेज दिया गया है, लेकिन मादा तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों की चिंता बनी हुई है। वन विभाग की टीम इलाके में निगरानी कर रही है। ग्रामीणों को जंगल में अकेले नहीं जाने और मवेशी चराते समय विशेष सतर्कता बरतने की हिदायत दी गई है।