← वापस
इंदौर

मुंबई जाते जोबट के युवक-युवती को इंदौर एयरपोर्ट पर हिरासत में लिया गया, एयरोब्रिज पर पकड़ा!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
मुंबई जाते जोबट के युवक-युवती को इंदौर एयरपोर्ट पर हिरासत में लिया गया, एयरोब्रिज पर पकड़ा!

 

इंदौर। देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर जोबट पुलिस और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने मुंबई जाने वाली फ्लाइट में सवार होने जा रहे एक युवक और युवती को हिरासत में ले लिया। युवती के लापता होने की शिकायत के बाद यह कार्रवाई की गई। 

   दोनों इंडिगो की फ्लाइट से मुंबई जाने वाले थे और बोर्डिंग पास लेकर एरोब्रिज तक पहुंच चुके थे। सूचना मिलने पर  सीआईएसएफ ने उन्हें वापस बुलाया और बाद में एयरपोर्ट पहुंची जोबट पुलिस को सौंप दिया। जानकारी के मुताबिक, अलीराजपुर जिले के जोबट थाने में सोमवार को हिमानी नाम की युवती के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। परिजनों ने पुलिस को बताया था कि वह घर से चली गई है। 

    जांच के दौरान पुलिस को उसके इंदौर एयरपोर्ट से मुंबई जाने की आशंका हुई। इसके बाद जोबट पुलिस ने एयरपोर्ट के टर्मिनल मैनेजर कार्यालय और सीआईएसएफ को सूचना दी कि युवती 2 युवकों के साथ मुंबई जाने वाली फ्लाइट में सवार हो सकती है। सूचना मिलते ही सुरक्षा टीम सक्रिय हो गई और एरोब्रिज तक पहुंच चुके 3 यात्रियों को रोककर वापस बाहर ले आई। बाद में उन्हें जोबट पुलिस के हवाले कर दिया गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, टिकट 3 दिन पहले बुक कराए गए थे।

          शादी की चर्चा

     बताया जा रहा है कि रेहान मकरानी और हिमानी वर्ष 2021 से पहले साथ पढ़ाई करते थे और दोनों शादी करने की तैयारी में थे। इस संबंध में दिल्ली के एक वकील ने भी शादी की तैयारियां की थीं। घटनाक्रम वाले दिन दोपहर में हिमानी घर के पिछले दरवाजे से निकल गई थी। परिजनों को उसके घर पर नहीं मिलने के बाद उन्होंने जोबट थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने तलाश शुरू की और देर रात इंदौर एयरपोर्ट पर दोनों को रोक लिया।  

    मामले को लेकर अलग-अलग जानकारियां सामने आ रही हैं। युवती अपनी इच्छा से घर से गई थी या किन परिस्थितियों में निकली, साथ ही शादी की तैयारियों से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है। इन सवालों पर पुलिस की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल जोबट पुलिस युवक-युवती को अपने साथ ले गई है। बताया गया है कि कार्रवाई से पहले इंदौर के एरोड्रम थाने को कोई सूचना नहीं दी गई थी। मामले में आगे की जानकारी पुलिस जांच के बाद सामने आने की संभावना है।

खबरें और भी हैं...