← वापस
इंदौर

मुंबई के चेंबूर में 20 बिल्लियों की मौत, सिर पर चोट के निशान  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
मुंबई के चेंबूर में 20 बिल्लियों की मौत, सिर पर चोट के निशान

 

बिल्लियों और बच्चों को बेरहमी से मारने का आरोप, जानकारी देने पर 50 हजार का इनाम

     मुंबई। चेंबूर इलाके में करीब 20 आवारा बिल्लियों और उनके बच्चों की मौत का मामला सामने आया है। कई बिल्लियां घायल हालत में भी मिली हैं। मृत बिल्लियों में कुछ के सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं। घटना को लेकर आरसीएफ पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पशु अधिकार संगठन पेटा इंडिया ने बिल्लियों की हत्या करने वाले व्यक्ति की जानकारी देने वाले को 50 हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की है।

     इलाके में पिछले कई साल से बिल्लियों को खाना खिलाने और बीमार या घायल बिल्लियों के इलाज में मदद करने वाली रुबीना अब्दुल मलिक पठान की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की है। रुबीना के मुताबिक, वह करीब 5-6 साल से चेंबूर इलाके में आवारा बिल्लियों की देखभाल कर रही हैं। 3 सितंबर को उन्हें इलाके में 4 बिल्लियां मृत मिलीं। इसके बाद 6 सितंबर की सुबह वह शनि मंदिर के पास बिल्लियों को खाना खिलाने पहुंचीं तो वहां एक बिल्ली और उसका बच्चा खून से लथपथ हालत में मिले। दोनों के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे।

     बिल्लियों पर धारदार वस्तु से हमला

     घावों को देखकर आशंका जताई गई कि बिल्लियों पर किसी भारी या धारदार वस्तु से हमला किया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद रुबीना ने पेटा इंडिया और अन्य पशु कल्याण संगठनों से संपर्क किया। संगठन की सलाह पर 6 सितंबर को मिली दोनों बिल्लियों के शवों को पोस्टमार्टम और आगे की जांच के लिए परेल स्थित एक पशु अस्पताल भेजा गया। पूजा श्रीवास्तव की मदद से रुबीना ने आरसीएफ पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पशु क्रूरता निवारण अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

    'पेटा इंडिया' ने पुलिस से मामले की जांच तेज करने और चेंबूर इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की मांग की है, ताकि बिल्लियों पर हमला करने वाले व्यक्ति की पहचान हो सके। संगठन ने आरोपी की जानकारी देने वाले व्यक्ति को 50 हजार रुपए इनाम देने की घोषणा भी की है।

खबरें और भी हैं...