57.18 ग्राम कोकीन जब्त, कीमत 29 लाख से ज्यादा; बिजनेस वीजा पर 14 अगस्त को आई थी भारत, मोबाइल और डिजिटल डेटा से नेटवर्क की तलाश
इंदौर। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चंदन नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 57.18 ग्राम कोकीन के साथ नाइजीरियाई महिला को गिरफ्तार किया है। जब्त कोकीन की कीमत 29 लाख रुपए से अधिक बताई गई है। पुलिस अब महिला को रिमांड पर लेकर मुंबई से इंदौर तक फैले ड्रग नेटवर्क के कनेक्शन खंगाल रही है।
पुलिस के मुताबिक, रक्षाबंधन और जन्माष्टमी को लेकर चल रही चेकिंग के दौरान टीम आईटी पार्क सिंहासा क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान काले रंग का बैग लेकर जा रही विदेशी महिला संदिग्ध नजर आई। पूछताछ में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में नियमानुसार तलाशी ली गई। बैग से पारदर्शी थैली में 57.18 ग्राम कोकीन बरामद हुई।
14 अगस्त को भारत आई, मुंबई में बहन के साथ सैलून में काम करती थी
आरोपी की पहचान नाइजीरिया के लेगोस निवासी इम्युनल जॉय के रूप में हुई है। वह मुंबई के बांद्रा ईस्ट में रह रही थी। पुलिस के अनुसार, महिला 14 अगस्त को सात महीने के बिजनेस वीजा पर भारत आई थी और मुंबई में अपनी बहन के साथ हेयर सैलून में काम कर रही थी।
पूछताछ में उसने कथित तौर पर कम कीमत में कोकीन खरीदकर इंदौर में महंगे दाम पर बेचने की बात बताई है। पुलिस उसके बयानों की पुष्टि कर रही है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 में केस दर्ज किया गया है।
पुलिस अब मोबाइल फोन और डिजिटल डेटा की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि कोकीन किससे खरीदी गई, इंदौर में किसे सप्लाई होनी थी और नेटवर्क में और कौन लोग जुड़े हैं।