यात्रियों को मिलेगी राहत;30 अक्टूबर से शुरू होगी विस्तारित फेरों की बुकिंग
इंदौर। मुंबई और इंदौर के बीच रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। पश्चिम रेलवे ने मुंबई सेंट्रल–इंदौर स्पेशल ट्रेन के फेरों में वृद्धि करते हुए इसे द्वि-साप्ताहिक से बढ़ाकर त्रि-साप्ताहिक चलाने का निर्णय लिया है। नई व्यवस्था 5 नवंबर 2026 से लागू होगी। इससे दोनों शहरों के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक अनुसार, ट्रेन नंबर 09079 मुंबई सेंट्रल–इंदौर स्पेशल अब सप्ताह में तीन दिन मंगलवार,गुरुवार और रविवार को मुंबई सेंट्रल से रवाना होगी। वहीं, ट्रेन नंबर 09080 इंदौर–मुंबई सेंट्रल स्पेशल सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को इंदौर से चलेगी।
रेलवे के इस निर्णय से मुंबई और इंदौर के बीच आने-जाने वाले यात्रियों को पहले की तुलना में अधिक दिनों में ट्रेन की सुविधा मिल सकेगी। त्योहारों और बढ़ती यात्री मांग के बीच फेरों में यह वृद्धि महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
30 अक्टूबर से टिकट बुकिंग
ट्रेन के विस्तारित फेरों के लिए आरक्षण 30 अक्टूबर 2026 से शुरू होगा। यात्री सभी यात्री आरक्षण प्रणाली (पीआरएस) काउंटरों और आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से टिकट बुक करा सकेंगे।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा की योजना बनाते समय निर्धारित दिन और उपलब्ध आरक्षण की जानकारी लेकर ही टिकट बुक करें।