Gen Z युवाओं को साधने में जुटे दोनों दल, रील-वीडियो और डिजिटल अभियानों से मतदाताओं तक पहुंचने की तैयारी; रोजगार, शिक्षा और महंगाई होंगे अहम मुद्दे
आशीष यादव। मध्यप्रदेश में 2028 के विधानसभा चुनाव की आहट अभी दूर है, लेकिन राजनीतिक दलों ने युवाओं को अपने साथ जोड़ने की तैयारी शुरू कर दी है। अब सियासत का मैदान केवल सभाओं, रैलियों और जनसंपर्क तक सीमित नहीं रहा। मोबाइल की स्क्रीन भी राजनीतिक पहुंच और संवाद का बड़ा माध्यम बन गई है। इंस्टाग्राम पर उपलब्ध आंकड़े बताते हैं कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस के आधिकारिक अकाउंट के फॉलोअर्स भाजपा से करीब 5.20 लाख अधिक हैं।
इंस्टाग्राम पर कांग्रेस के 12 लाख, भाजपा के 6.80 लाख फॉलोअर्स
इंस्टाग्राम पर मध्यप्रदेश भाजपा के आधिकारिक अकाउंट @bjp4mp पर करीब 6.80 लाख फॉलोअर्स हैं। यहां अब तक 22.6 हजार पोस्ट साझा की गई हैं। वहीं, कांग्रेस के आधिकारिक अकाउंट @incmp पर करीब 12 लाख फॉलोअर्स हैं और 24.6 हजार पोस्ट अपलोड की गई हैं। इस तरह फॉलोअर्स के मामले में कांग्रेस और भाजपा के बीच करीब 5.20 लाख का अंतर दिखाई देता है। हालांकि, सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स की संख्या को सीधे चुनावी लोकप्रियता या जनसमर्थन का पैमाना नहीं माना जा सकता।
Gen Z पर नजर, रील और मीम से युवाओं तक पहुंच
2028 के विधानसभा चुनाव में Gen Z यानी युवा मतदाताओं की भूमिका महत्वपूर्ण रहने वाली है। यह पीढ़ी राजनीतिक घटनाक्रम को रील, मीम, छोटे वीडियो और डिजिटल पोस्ट के जरिए देखती और समझती है। रोजगार, शिक्षा, महंगाई, प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ी और भविष्य की संभावनाएं इस वर्ग के प्रमुख मुद्दे हैं।
कांग्रेस इंस्टाग्राम पर लगातार पोस्ट और युवाओं से जुड़े कंटेंट के जरिए अपनी डिजिटल मौजूदगी बनाए हुए है। दूसरी ओर, भाजपा भी युवाओं को जोड़ने के लिए नए प्रयोग कर रही है। भाजपा युवा मोर्चा की ओर से रील बनाओ, इनाम पाओ प्रतियोगिता शुरू की गई थी। इसमें प्रतिभागियों के लिए एक लाख रुपए तक के पुरस्कार घोषित किए गए थे।
फॉलोअर्स से आगे भरोसा जीतने की चुनौती
2028 के चुनाव में दोनों दलों के सामने सबसे बड़ी चुनौती युवाओं का भरोसा जीतने की होगी। सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में फॉलोअर्स होना और मतदान के समय समर्थन मिलना अलग-अलग बातें हैं। आकर्षक वीडियो और पोस्ट युवाओं का ध्यान तो खींच सकते हैं, लेकिन रोजगार, शिक्षा, भर्ती परीक्षाओं और महंगाई जैसे मुद्दों पर ठोस जवाब ही राजनीतिक दलों के प्रति उनका भरोसा तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे।
फिलहाल इंस्टाग्राम के आंकड़ों में कांग्रेस आगे दिखाई दे रही है, जबकि भाजपा की संगठनात्मक और जमीनी सक्रियता भी राजनीतिक परिदृश्य का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे में 2028 की चुनावी तैयारी में डिजिटल रणनीति कितनी प्रभावी साबित होती है, यह आने वाला समय बताएगा।