← वापस
इंदौर

माचल में अवैध लकड़ियों से भरा आयशर पकड़ा, अब लकड़ी मंडी के ‘इंट्री नेटवर्क’ पर सवाल!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
माचल में अवैध लकड़ियों से भरा आयशर पकड़ा, अब लकड़ी मंडी के ‘इंट्री नेटवर्क’ पर सवाल!

 

धार के जंगलों से लकड़ी लाने की आशंका, MP-45-G-0570 नंबर का वाहन जब्त; पहले भी वन अपराध में पकड़े जाने की चर्चा, आरा मशीनों की सील खुलने पर भी सवाल

इंदौर। इंदौर की लकड़ी मंडी में अवैध लकड़ियों के कारोबार को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। माचल में वन विभाग की टीम ने अवैध लकड़ियों से भरा आयशर वाहन पकड़ा है। वाहन क्ं MP-45-G-0570 बताया जा रहा है। चर्चा है कि यह वाहन पहले भी वन अपराध के मामले में पकड़ा जा चुका है। अब सवाल यह है कि यदि एक ही वाहन दोबारा संदिग्ध गतिविधियों में सामने आ रहा है, तो लकड़ी के स्रोत से लेकर उसके खरीदारों तक पूरे नेटवर्क की जांच कितनी गहराई से होगी?

   जानकारी के अनुसार,मुखबिर से मिली सूचना पर एसडीओ ने दल गठित कर कार्रवाई की। वन विभाग की टीम को देखकर चालक ने वाहन भगाने का प्रयास किया, लेकिन कर्मचारियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। वाहन का मालिक बेटमा निवासी राहुल बताया जा रहा है। आशंका है कि लकड़ियां धार क्षेत्र के जंगलों से काटकर इंदौर की लकड़ी मंडी लाई जा रही थीं। हालांकि,लकड़ियों के स्रोत और परिवहन से जुड़े तथ्यों की पुष्टि होना बाकी है। वाहन को जब्त कर पंचनामा बनाकर उसे नवरतन बाग स्थित वन विभाग कार्यालय में खड़ा कराया गया है।

गश्ती दल के बावजूद कैसे चल रहा कथित खेल?

राजवाड़ा दर्पण लगातार लकड़ी मंडी में कथित अवैध कारोबार और बाहरी क्षेत्रों से लकड़ियां लाकर खपाने के मुद्दे उठाता रहा है। वन विभाग ने गश्ती दल भी बना रखा है,लेकिन इसके बावजूद अवैध परिवहन की आशंकाएं सामने आना निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। मंडी में एक कथित दलाल को ‘इंट्री चोर’ के नाम से पहचाने जाने की चर्चा है। आरोप यह भी हैं कि कुछ कर्मचारी और अधिकारी उसके संपर्क में हो सकते हैं। इन आरोपों की जांच होना जरूरी है।

सील खुली तो किसकी निगरानी में चल रहीं आरा मशीनें?

कुछ दिन पहले राज्यस्तरीय उड़नदस्ते ने इंदौर एवं सांवेर की आरा मशीनों को सील किया था। इसके बाद इंदौर रेंज ने तीन महीने की गहन एवं सूक्ष्म जांच के बाद कुछ आरा मशीनों को सील किया। बताया जा रहा है कि इन आरा मशीनों में अनियमितताएं मिलने के कारण इन्हें सील किया गया था। लेकिन तीन महीने की गहन एवं सूक्ष्म जांच के बाद इन सभी आरा मशीनों को खोलने की अनुमति दे दी गई। ऐसी चर्चाएं भी सामने आ रही हैं।

ऐसे में सवाल है कि इन मशीनों की दोबारा जांच हुई या नहीं और वहां आने वाली लकड़ियों के दस्तावेजों का सत्यापन कौन कर रहा है? यदि अवैध लकड़ियां मंडी तक पहुंच रही हैं, तो उन्हें खरीदने और खपाने वाले दलालों की भूमिका भी जांच के दायरे में आनी चाहिए।

एक वन प्रेमी ने कहां कि केवल आयशर जब्त करने में नहीं, बल्कि लकड़ियों के स्रोत, परिवहनकर्ताओं, कथित बिचौलियों एवं दलालों और संबंधित आरा मशीनों तक पहुंचने में है। जांच में यदि किसी कर्मचारी, अधिकारी या दलाल की संलिप्तता सामने आती है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जरूरी होगी। अन्यथा सवाल उठेगा कि कहीं इस मामले को भी कबूतर टीपी प्रकरण की तरह दबाने की कोशिश तो नहीं की जा रही है।

खबरें और भी हैं...