पिता की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का केस दर्ज, गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने बनाई टीम
धार। पर्यटन नगरी मांडू में 18 वर्षीय युवती की मौत के बाद गुरुवार को आक्रोश फैल गया। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने मुख्य चौराहे पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। वे मामले में आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। करीब दो घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद एसडीएम राजकुमार हलदर की समझाइश और कार्रवाई के आश्वासन पर परिजन शांत हुए और चक्काजाम समाप्त किया।
मामला मांडू के वार्ड नंबर 12 स्थित जामनिया का है। मृतका की पहचान सोनाली (18), पिता शिवराम के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, सोनाली ने 23 अक्टूबर को जहरीला पदार्थ खा लिया था। उसे उपचार के लिए धार के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 28 अक्टूबर की रात उसकी मौत हो गई।
पिता ने लगाया प्रताड़ना का आरोप
मृतका के पिता शिवराम ने आरोप लगाया कि चंदन, उसकी पत्नी राधिका और मां सुमन लगातार सोनाली को प्रताड़ित कर रहे थे। पिता के मुताबिक, इसी प्रताड़ना से परेशान होकर सोनाली ने यह कदम उठाया। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद होगी।
प्रशासन ने दिया कार्रवाई का भरोसा
चक्काजाम की सूचना पर थाना प्रभारी इंदल सिंह रावत, एसआई भेरूसिंह देवड़ा और एएसआई दिनेश वर्मा मौके पर पहुंचे। स्थिति को देखते हुए एसडीएम राजकुमार हलदर, नायब तहसीलदार आशीष राठौर, राहुल गायकवाड़ और नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि जयराम गावर भी पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से चर्चा कर नियमानुसार सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
पिता शिवराम की रिपोर्ट पर पुलिस ने मर्ग कायम कर चंदन पिता मोहन, राधिका पति चंदन और सुमन पति मोहन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 और 3(5) के तहत आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का प्रकरण दर्ज किया है। थाना प्रभारी इंदल सिंह रावत ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है और उनकी तलाश जारी है। एसडीएम ने पटवारी को घटनास्थल का निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए हैं।
फ़ोटो एआई