← वापस
मध्यप्रदेश

मडियादो स्कूल पहुंचे जनपद सीईओ, बच्चों संग बैठकर किया मध्याह्न भोजन; व्यवस्थाएं सुधारने के दिए सख्त निर्देश

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
मडियादो स्कूल पहुंचे जनपद सीईओ, बच्चों संग बैठकर किया मध्याह्न भोजन; व्यवस्थाएं सुधारने के दिए सख्त निर्देश

भोजन दो पालियों में कराने, पेयजल, शौचालय, प्रार्थना स्थल और छात्र सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश

दमोह/हटा। जनपद पंचायत हटा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संजीव गोस्वामी ने मंगलवार को माध्यमिक शाला मडियादो का औचक निरीक्षण कर विद्यालय की व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से पढ़ाई और मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता पर चर्चा की। इसके बाद संस्था प्रधान जानकी शरण मिश्रा के साथ बच्चों के बीच बैठकर स्वयं मध्याह्न भोजन ग्रहण किया और भोजन की गुणवत्ता का परीक्षण किया।

विद्यालय में 500 से अधिक छात्र-छात्राओं की संख्या को देखते हुए सीईओ ने मध्याह्न भोजन दो पालियों में कराने के निर्देश दिए। उन्होंने भोजन वितरण स्थल पर गर्मी से राहत के लिए तत्काल दो पंखे लगाने तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा, ताकि बच्चों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

निरीक्षण के दौरान सीईओ ने पंचायत सचिव जितेंद्र परिहार और सहायक सचिव संतोष सिंह को पुराने जर्जर शौचालय को हटाकर नया शौचालय निर्माण कराने, नव निर्मित भवन के सामने प्रार्थना स्थल के लिए चबूतरा बनाने तथा परिसर में मौजूद खंडहर भवनों को सुरक्षित हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

विद्यालय में पेयजल की कमी पर उन्होंने छोटी पानी की टंकी बनाकर उसे नल-जल योजना से जोड़ने के निर्देश दिए। साथ ही पूर्व में ध्वस्त स्कूल भवन की नीलामी से पंचायत खाते में जमा राशि का उपयोग विद्यालय के आवश्यक विकास कार्यों पर करने के लिए कहा। सीईओ ने स्पष्ट किया कि विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं का सुदृढ़ होना गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए आवश्यक है और सभी कार्य समय-सीमा में पूरे किए जाएं।

खबरें और भी हैं...