इंदौर। नशा मुक्ति अभियान के तहत इंदौर आबकारी विभाग ने सोमवार को महू क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर कार्रवाई करते हुए 11 स्थानों पर एक साथ दबिश दी। इस अभियान में 8 प्रकरण दर्ज किए गए,जबकि भारी मात्रा में हाथ भट्टी शराब और महुआ लहान जब्त कर मौके पर ही नष्ट कर दी गई।
सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी के निर्देश पर नियंत्रण कक्ष प्रभारी देवेश चतुर्वेदी एवं उप प्रभारी मनोज अग्रवाल के मार्गदर्शन में सहायक जिला आबकारी अधिकारी धर्मेंद्र जोशी,जहांगीर खान और पवन टिकेकर के नेतृत्व में टीम ने भौंडिया तालाब,बंजारी, भाटखेड़ी सहित विभिन्न क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान आबकारी टीम ने 235 लीटर हाथ भट्टी शराब जब्त की। वहीं 5,400 किलो महुआ लहान का सैंपल लेकर शेष सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, ताकि दोबारा अवैध शराब का निर्माण न हो सके। जब्त शराब, लहान एवं अन्य सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य 5.87 लाख रुपए आंका गया है।
आबकारी विभाग ने आरोपियों के खिलाफ धारा 34(1)(क) एवं 34(एफ) के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।