इंदौर। बढ़ती महंगाई के खिलाफ इंदौर शहर कांग्रेस ने गुरुवार को शहर के अलग-अलग इलाकों में अनोखे अंदाज में प्रदर्शन कर सरकार को घेरा। शकर, पेट्रोल, बिजली बिल, घरेलू गैस सिलेंडर, आटा और खाद्य तेल की कीमतों को मुद्दा बनाकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे के निर्देश पर सभी ब्लॉकों में एक साथ प्रदर्शन किए गए।
महूनाका पर सिगड़ी पर बनाई फीकी चाय
महूनाका क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सिगड़ी पर चाय बनाई। यहां लगाए गए पोस्टर पर लिखा था- ‘फीकी चाय 20 रुपए, मीठी चाय 40 रुपए’। 10 रुपए की चाय की कीमत काटकर बढ़ी महंगाई का संदेश दिया गया। ‘गडकरी की चाय’ जैसे पोस्टर भी लगाए गए। कार्यकर्ताओं ने महंगाई को ‘डायन’ बताते हुए जमकर नारेबाजी की।
छावनी में तौली शकर, हरसिद्धि पर सेंकी रोटी
छावनी क्षेत्र में टूटी सड़क पर शकर तौलकर कांग्रेसियों ने महंगाई का विरोध किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि 100 रुपए में अब मुट्ठीभर शकर ही मिल रही है। विधानसभा-3 में आरएनटी मार्ग की खराब सड़क का मुद्दा भी प्रदर्शन में उठाया गया। वहीं हरसिद्धि मंदिर के पास कार्यकर्ताओं ने सड़क पर रोटी सेंककर महंगे आटे के खिलाफ विरोध जताया।

राजवाड़ा पर लिखा- अब शकर भी लोन पर मिलेगी
राजवाड़ा सहित शहर के अन्य स्थानों पर कांग्रेसियों ने ‘अब शकर भी लोन पर मिलेगी’ जैसे संदेश लिखकर सरकार पर तंज कसा। पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण, बढ़े बिजली बिल और घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों को लेकर भी सरकार से राहत की मांग की गई।
शहर कांग्रेस के संगठन महामंत्री संजय बाकलीवाल ने बताया कि प्रदर्शन में विधानसभा प्रभारी, शहर व प्रदेश कांग्रेस पदाधिकारी, मोर्चा संगठनों, ब्लॉक और मंडलम के पदाधिकारी शामिल हुए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि त्योहारों के सीजन में महंगाई बढ़ने से आम परिवारों का घरेलू बजट और बिगड़ने की आशंका है। उन्होंने सरकार से आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण और आम लोगों को राहत देने की मांग की।