झोन-11 की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश; समय-सीमा में पूरे हों सड़क, ड्रेनेज और वर्षा जल संचयन के कार्य
इंदौर। नगर निगम के झोन क्रमांक-11 की वार्ड समिति की समीक्षा बैठक में महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि झोन कार्यालय नगर निगम की कार्यप्रणाली का सबसे महत्वपूर्ण केंद्र हैं। यहां आने वाले प्रत्येक नागरिक को सम्मानजनक व्यवहार, त्वरित सुनवाई और संतोषजनक समाधान मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की रफ्तार बढ़ाने और जनसमस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
महापौर ने कहा कि नगर निगम लगातार अपनी डिजिटल सेवाओं का विस्तार कर रहा है, ताकि नागरिकों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसके बावजूद यदि कोई व्यक्ति झोन कार्यालय पहुंचे तो उसे सकारात्मक माहौल के साथ प्रभावी और शीघ्र समाधान मिलना चाहिए।
बैठक में महापौर ने स्वीकृत एवं प्रगतिरत सभी विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को तय समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है, उन्हें बिना विलंब शुरू कराया जाए तथा निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग कर गुणवत्ता और गति दोनों सुनिश्चित की जाए।
समीक्षा के दौरान सड़क निर्माण, ड्रेनेज लाइन, वर्षा जल संचयन सहित विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई। वार्डों के पार्षदों ने भी अपने क्षेत्रों की समस्याओं और विकास संबंधी सुझाव रखे, जिन पर महापौर ने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने दोहराया कि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और विकास कार्यों को समय पर पूरा करना नगर निगम की सर्वोच्च जिम्मेदारी है।