आधुनिक फिल्टर प्लांट, डाइविंग टॉवर, नई टाइल्स और चेंजिंग-शॉवर रूम सहित कई सुविधाएं; महापौर बोले- इस पूल से इंदौर की भावनाएं जुड़ी हैं
इंदौर। नेहरू पार्क स्विमिंग पूल अब आधुनिक सुविधाओं से लैस हो गया है। नगर निगम ने करीब 4 करोड़ 7 लाख 32 हजार रुपए की लागत से तरणताल का जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण कराया है। मंगलवार को महापौर पुष्यमित्र भार्गव और विधायक महेन्द्र हार्डिया ने नवीन तरणताल का लोकार्पण किया। खास बात यह रही कि दोनों ने पूल में छलांग लगाकर तैराकी करते हुए इसका शुभारंभ किया।
जीर्णोद्धार के बाद पूल में नवीन फिल्टर प्लांट, अंतरराष्ट्रीय स्तर का डाइविंग टॉवर, नई टाइल्स, चेंजिंग रूम, शॉवर रूम, मेडिकल रूम, डेक, आकर्षक लाइटिंग और नई विद्युत व्यवस्था जैसी सुविधाएं जोड़ी गई हैं। भवन के ऊपरी हिस्से में जिम और बैडमिंटन जैसी खेल सुविधाएं विकसित करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

खिलाड़ियों के लिए भी खास होगा पूल
महापौर भार्गव ने कहा कि नेहरू पार्क का स्विमिंग पूल इंदौर के इतिहास और शहरवासियों की भावनाओं से जुड़ा है। यहां से कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी आगे बढ़े हैं। आने वाले 10-15 वर्षों की जरूरतों को देखते हुए इसका व्यापक पुनर्विकास किया गया है। शहर के अन्य क्षेत्रों में भी अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्विमिंग पूल तैयार किए जा रहे हैं।
विधायक महेन्द्र हार्डिया ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित पूल से स्वास्थ्य और खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि तैराकी के साथ बैडमिंटन व अन्य खेलों की सुविधाएं भी युवाओं को उपलब्ध होंगी।
इस दौरान नंदकिशोर पहाड़िया, अभिषेक शर्मा ‘बबलू’, निरंजन सिंह चौहान, जीतू यादव, योगेश गेन्दर, कंचन गिदवानी, राजीव जैन और भावना चौधरी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, खिलाड़ी व तैराक मौजूद रहे। महापौर ने नागरिकों से जल संरक्षण और पानी के सदुपयोग की अपील भी की।