धनतेरस से भाई दूज तक दीपों का महापर्व; शुक्र प्रदोष, महालक्ष्मी पूजन और सोमवती अमावस्या के विशेष संयोग, महाराज ने दिया सेवा, सद्भाव और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
इंदौर। रोशनी, उल्लास और आध्यात्मिक आस्था का महापर्व दीपोत्सव इस बार विशेष धार्मिक संयोगों के साथ मनाया जाएगा। धनतेरस से भाई दूज तक छह दिनों तक घर-आंगन दीपों से जगमगाएंगे और मंदिरों में पूजा-अर्चना की धूम रहेगी। इस दौरान शुक्र प्रदोष, महालक्ष्मी पूजन, सोमवती अमावस्या और गोवर्धन पूजा जैसे पर्व श्रद्धालुओं के लिए विशेष महत्व रखेंगे।
श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा से जुड़े श्री सिद्ध बाबा श्यामगिरि सवाई मठ मंदिर, दिल्ली दरबार परिवार के इंदौर मालवा मंडल के श्री महंत आनंद गिरी जी महाराज (बाप जी) ने दीपोत्सव के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने और उत्सव मनाने का पर्व नहीं है, बल्कि यह अंधकार से प्रकाश, अज्ञान से ज्ञान और नकारात्मकता से सकारात्मकता की ओर बढ़ने का संदेश देता है।
धनतेरस से शुरू होगा पर्वों का सिलसिला
6 नवंबर शुक्रवार को धनतेरस के साथ शुक्र प्रदोष का संयोग रहेगा। भगवान धन्वंतरि, माता लक्ष्मी और कुबेर की पूजा का विशेष महत्व रहेगा। 7 नवंबर को काली चौदस और रूप चतुर्दशी पर अभ्यंग स्नान एवं दीपदान किया जाएगा। 8 नवंबर रविवार को दीपावली पर माता महालक्ष्मी और भगवान गणेश का पूजन होगा। प्रदोष काल में शाम 5:41 से रात 8:05 बजे तक लक्ष्मी पूजन का मुहूर्त बताया गया है।
सोमवती अमावस्या से अन्नकूट तक विशेष आयोजन
9 नवंबर सोमवार को सोमवती अमावस्या का संयोग रहेगा। इस दिन स्नान, दान, पितृ तर्पण, पीपल पूजन और भगवान शिव की आराधना का महत्व रहेगा। 10 नवंबर को गोवर्धन पूजा और अन्नकूट के अवसर पर मंदिरों में छप्पन भोग सजेंगे। 11 नवंबर को भाई दूज के साथ दीपोत्सव का समापन होगा। बहनें भाइयों को तिलक लगाकर उनकी दीर्घायु और सुख-समृद्धि की कामना करेंगी।
महाराज का संदेश- दूसरों के जीवन में भी खुशियों के दीप जलाएं
श्री महंत आनंद गिरी जी महाराज ने कहा कि दीपावली की सार्थकता तभी है, जब समाज का हर वर्ग इस खुशी में सहभागी बने। जरूरतमंदों की सहायता, गौसेवा, मानव सेवा और पर्यावरण संरक्षण को भी उत्सव का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने श्रद्धालुओं से प्रदूषण रहित दीपावली मनाने और आपसी प्रेम, सद्भाव एवं भाईचारे को मजबूत करने की अपील की। महाराज ने सभी को दीपोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए जीवन में सुख, शांति, आरोग्य और समृद्धि की कामना की।