← वापस
इंदौर

महंत आनंद गिरी ने बताया नवरात्रि का महत्व, 11 से शक्ति आराधना!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
महंत आनंद गिरी ने बताया नवरात्रि का महत्व, 11 से शक्ति आराधना!

 

घटस्थापना से दशहरा तक होंगे विशेष अनुष्ठान,नौ रूपों में होगी मां की आराधना

महू। शारदीय नवरात्रि इस बार 11 अक्टूबर से मां जगदम्बा की आराधना के साथ शुरू होगी। घटस्थापना से लेकर विजयादशमी तक मंदिरों और घरों में विशेष पूजा-अनुष्ठान होंगे। 19 अक्टूबर को दुर्गाष्टमी और महानवमी का विशेष संयोग रहेगा, जबकि 20 अक्टूबर को विजयादशमी यानी दशहरा मनाया जाएगा। 25 अक्टूबर को शरद पूर्णिमा होगी।

श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा, श्री सिद्ध बाबा श्यामगिरि सवाई मठ मंदिर दिल्ली दरबार के इंदौर मालवा मंडल श्री महंत आनंद गिरी जी महाराज (बाप जी) ने बताया कि नवरात्रि केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि शक्ति आराधना, आत्मशुद्धि, संयम और सदाचार का संदेश देने वाला पर्व है। देवी महात्म्य और पुराण परंपरा में मां दुर्गा को आसुरी शक्तियों के विनाश और धर्म की स्थापना का प्रतीक माना गया है।

      गज पर मां का आगमन

इस वर्ष नवरात्रि रविवार से शुरू होने के कारण पंचांग परंपरा में मां दुर्गा का आगमन हाथी पर माना गया है। धार्मिक मान्यता में गज को स्थिरता, समृद्धि और ऐश्वर्य का प्रतीक माना जाता है।

      11 अक्टूबर को घटस्थापना

नवरात्रि का शुभारंभ 11 अक्टूबर रविवार को शुक्ल पक्ष प्रतिपदा से होगा। घटस्थापना के लिए अमृत चौघड़िया लगभग सुबह 10.45 से दोपहर 12.13 बजे, अभिजीत मुहूर्त 11.49 से 12.36 बजे और लाभ चौघड़िया सुबह 9.17 से 10.45 बजे तक रहेगा।

नौ दिनों में मां के नौ स्वरूप—शैलपुत्री, ब्रह्मचारिणी, चंद्रघंटा, कूष्मांडा, स्कंदमाता, कात्यायनी, कालरात्रि, महागौरी और सिद्धिदात्री की आराधना होगी।

   19 को अष्टमी-नवमी का विशेष संयोग

19 अक्टूबर को दुर्गाष्टमी और महानवमी का विशेष संयोग रहेगा। इस दिन मां महागौरी और मां सिद्धिदात्री की पूजा के साथ दुर्गा सप्तशती पाठ, हवन और कन्या पूजन का विशेष महत्व रहेगा। 20 अक्टूबर को विजयादशमी पर शमी, अपराजिता, शस्त्र और औजार पूजन सहित अन्य धार्मिक अनुष्ठान होंगे।

   12 राशियों के लिए सामान्य संकेत

महंत आनंद गिरी जी महाराज के अनुसार ज्योतिषीय परंपरा में मेष के लिए कार्यों में गति, वृषभ के लिए धन-परिवार में स्थिरता, मिथुन के लिए व्यापार-संपर्क में सक्रियता, कर्क के लिए धर्म-अध्यात्म में रुचि, सिंह के लिए संयम, कन्या के लिए व्यवस्थित दिनचर्या, तुला के लिए संबंधों की समीक्षा, वृश्चिक के लिए खर्च में सावधानी, धनु के लिए ज्ञान-यात्रा, मकर के लिए जिम्मेदारियों पर ध्यान, कुंभ के लिए नई योजनाएं और मीन के लिए अनुशासन व धैर्य के संकेत माने गए हैं।

महंत जी ने कहा, “राशि और ग्रह केवल संकेत देते हैं, मनुष्य का कर्म ही उसके जीवन की दिशा निर्धारित करता है। संयम, सेवा, सत्य और सद्भाव के साथ मां शक्ति की आराधना ही नवरात्रि की वास्तविक साधना है।”

      25 अक्टूबर को शरद पूर्णिमा

नवरात्रि और दशहरे के बाद 25 अक्टूबर को शरद पूर्णिमा होगी। धार्मिक परंपरा में इस रात चंद्रमा की रोशनी में खीर रखने की मान्यता है। इसे वर्षा ऋतु के बाद शरद ऋतु के स्पष्ट होने और मौसम में बदलाव से भी जोड़ा जाता है।

खबरें और भी हैं...