दमकल ने समय रहते पाया काबू, रेल यातायात प्रभावित; यात्रियों ने सुरक्षा इंतजामों पर उठाए सवाल
उज्जैन। उज्जैन जिले के महिदपुर रोड रेलवे स्टेशन पर रविवार सुबह बड़ा हादसा टल गया। स्टेशन के पास विद्युत ओवरहेड लाइन (करीब 11 केवी) गिरने से कोटा की ओर जा रही रतलाम पैसेंजर मेमू ट्रेन के इंजन में अचानक आग लग गई। घटना होते ही ट्रेन में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री घबराकर ट्रेन से नीचे उतर गए, जिससे कुछ देर के लिए स्टेशन परिसर में भगदड़ जैसे हालात बन गए।
सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस घटना में किसी यात्री के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, हालांकि एहतियात के तौर पर रेल संचालन कुछ समय के लिए प्रभावित रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि महिदपुर रोड स्टेशन पर ओवरहेड लाइन से जुड़ी इस तरह की घटनाएं पहले भी तीन से चार बार हो चुकी हैं। इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था और रखरखाव में अपेक्षित सुधार नहीं किया गया। घटना के बाद हावड़ा–गांधीधाम तथा बांद्रा मार्ग की ट्रेन संख्या 12937/12938 को भी कुछ समय के लिए रोके जाने की जानकारी सामने आई है।
यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से स्टेशन की विद्युत व्यवस्था और सुरक्षा मानकों की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। रेलवे की ओर से घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।