← वापस
उज्जैन

मोक्षदायिनी शिप्रा बदहाल,घाटों पर गंदगी और दुर्गंध का डेरा!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
मोक्षदायिनी शिप्रा बदहाल,घाटों पर गंदगी और दुर्गंध का डेरा!

 

अमावस्या पर पितरों का तर्पण और स्नान कैसे करेंगे श्रद्धालु? नदी में मिल रहा गंदे नाले का पानी, सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल

देवास। जिस मोक्षदायिनी शिप्रा के तट पर श्रद्धालु पुण्य की आस लेकर पहुंचते हैं, उसी नदी के घाट आज गंदगी और दुर्गंध से बेहाल हैं। नदी के आसपास फैली गंदगी और पानी में दिखाई दे रही गंदगी ने व्यवस्था की पोल खोल दी है। अब दो दिन बाद अमावस्या का पर्व है। इस दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां स्नान करने और अपने पितरों का तर्पण करने पहुंचेंगे। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब नदी का पानी ही गंदगी से घिरा है, तो श्रद्धालु आस्था की डुबकी कैसे लगाएंगे?

   देवास से करीब 12 किलोमीटर दूर इंदौर मार्ग पर हाटपीपल्या विधानसभा क्षेत्र में स्थित शिप्रा नदी के घाटों की मौजूदा स्थिति श्रद्धालुओं की चिंता बढ़ा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि गंदे नाले का पानी नदी में मिल रहा है। घाटों के आसपास गंदगी फैली है और दुर्गंध के कारण वहां ठहरना भी मुश्किल हो रहा है। नदी के पानी में भी गंदगी दिखाई देने से श्रद्धालुओं की परेशानी बढ़ गई है।

   आस्था के सामने गंदगी का संकट

अमावस्या पर पितरों की शांति के लिए तर्पण और स्नान का विशेष महत्व माना जाता है। इसी आस्था के चलते लोग नदी के घाटों पर पहुंचते हैं। लेकिन इस बार घाटों की बदहाली ने श्रद्धालुओं के सामने असमंजस खड़ा कर दिया है। एक तरफ धार्मिक परंपराओं के निर्वहन की चाह है, तो दूसरी तरफ गंदगी और दुर्गंध के बीच स्नान करने की चिंता। ऐसे में नदी की सफाई और पानी की स्वच्छता सुनिश्चित करना जरूरी हो गया है।

   सफाई का दावा, फिर भी घाटों पर गंदगी

शिप्रा ग्राम पंचायत के सचिव छोटेलाल अहिरवार का कहना है कि गणेश उत्सव के बाद नदी की साफ-सफाई कराई गई थी। आगामी त्योहारों को देखते हुए दोबारा सफाई कराई जाएगी। हालांकि,मौके पर दिखाई दे रही गंदगी और दुर्गंध के बीच सफाई के दावे पर सवाल उठ रहे हैं।

   अमावस्या से पहले जागेंगे जिम्मेदार?

अब निगाहें पंचायत और संबंधित जिम्मेदारों पर टिकी हैं। क्या अमावस्या से पहले घाटों की पूरी सफाई होगी? क्या नदी में गंदे नाले का पानी मिलने की शिकायत की जांच कर उसे रोकने के लिए कदम उठाए जाएंगे? श्रद्धालुओं को स्वच्छ घाट और साफ पानी उपलब्ध कराना जरूरी है। वरना मोक्षदायिनी के तट पर आस्था लेकर पहुंचने वाले लोगों को गंदगी के बीच ही धार्मिक अनुष्ठान करने की मजबूरी झेलनी पड़ सकती है।

खबरें और भी हैं...