भैंसोला में निर्माण की धीमी रफ्तार पर जताई चिंता, सड़क के लिए मशीनें बढ़ाने के निर्देश; हर सप्ताह होगी प्रगति की समीक्षा
धार। मालवा को औद्योगिक पहचान दिलाने वाली पीएम मित्र पार्क परियोजना को गति देने के लिए शासन ने अब निर्माण कार्यों की निगरानी तेज कर दी है। शुक्रवार को मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल बदनावर तहसील के भैंसोला पहुंचे और पार्क में चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को माइक्रो प्लानिंग के साथ काम में तेजी लाने और सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे करने के निर्देश दिए। परियोजना पूरी होने पर लाखों लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने सड़क, बिजली, पानी और ड्रेनेज जैसी आधारभूत सुविधाओं की प्रगति की समीक्षा की। सड़क निर्माण की धीमी गति पर उन्होंने मशीनरी बढ़ाने और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने को कहा। विद्युत व्यवस्था की समीक्षा में अधिकारियों ने बताया कि ट्रांसफार्मर जनवरी में आएंगे। इस पर मुख्य सचिव ने सभी कार्य समानांतर रूप से संचालित करने और मानव संसाधन का बेहतर उपयोग करने के निर्देश दिए।
हर सप्ताह होगी निर्माण की समीक्षा
बर्णवाल ने अधिकारियों को प्रत्येक सप्ताह निर्माण स्थल पर पहुंचकर प्रगति की समीक्षा करने को कहा। ओवरहेड टैंक, सम्पवेल और अन्य सिविल निर्माण कार्यों को भी समयसीमा में पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक कार्य के लिए जिम्मेदारी तय हो और नियमित निगरानी की जाए।
स्थानीय युवाओं को कौशल प्रशिक्षण
बैठक में पार्क में स्वास्थ्य, शिक्षा और पार्किंग सुविधाओं पर भी चर्चा हुई। बदनावर आईटीआई में रोजगारोन्मुखी अतिरिक्त पाठ्यक्रम शुरू करने के निर्देश दिए गए, ताकि स्थानीय युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुरूप प्रशिक्षण मिल सके।
मुख्य सचिव ने कहा कि पीएम मित्र पार्क के विकसित होने से मालवा की आर्थिक तस्वीर बदलेगी और औद्योगिक गतिविधियों के साथ रोजगार के नए अवसर बढ़ेंगे। निरीक्षण में संभागायुक्त भास्कर लक्षकार, कलेक्टर राजीव रंजन मीना, एसपी सचिन शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।