260 गांवों की 57,422 हेक्टेयर जमीन तक पहुंचेगा नर्मदा का पानी; मुख्यमंत्री ने किसानों के खातों में अंतरित किए फसल बीमा के ₹317.86 करोड़
धार। मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने धार में 2,387.60 करोड़ रुपए की नर्मदा-झाबुआ-पेटलावद-थांदला-सरदारपुर माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का लोकार्पण किया। इससे धार और झाबुआ जिले के 260 गांवों की 57,422 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी। परियोजना से करीब 72 हजार किसान लाभान्वित होंगे। मुख्यमंत्री ने इस दौरान 16.70 लाख किसानों के खातों में रबी वर्ष 2025-26 की प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 317.86 करोड़ रुपए की राशि भी अंतरित की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सिंचाई का रकबा बढ़ाकर 100 लाख हेक्टेयर करने का लक्ष्य है। वर्ष 2002-03 में प्रदेश में करीब 7.50 लाख हेक्टेयर भूमि सिंचित होती थी, जो वर्ष 2023 तक 40 लाख हेक्टेयर पहुंची। पिछले ढाई वर्षों में इसे बढ़ाकर 60 लाख हेक्टेयर तक पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि किसानों की समृद्धि सरकार का ध्येय है और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार से कृषि उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा।
188 करोड़ के विकास कार्यों का भी लोकार्पण-भूमिपूजन
मुख्यमंत्री ने धार जिले में करीब 188 करोड़ रुपए के 35 नए विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें कन्या विद्यालय और आईटीआई भवन सहित विभिन्न निर्माण कार्य शामिल हैं। इसके अलावा करीब 25 करोड़ रुपए की लागत से बने चार पुलों, 15 करोड़ रुपए के विद्यालय भवनों और 50 बिस्तरों वाले अस्पताल सहित अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। उन्होंने कहा कि धार को जल्द मेडिकल कॉलेज की सौगात भी मिलेगी।
पीएम मित्र पार्क से रोजगार के अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि धार में पीएम मित्र पार्क से निमाड़-मालवा के कपास उत्पादक किसानों को लाभ मिलेगा। यहां कपास से धागा, धागे से कपड़ा और कपड़े से तैयार परिधान बनाने की व्यवस्था विकसित की जाएगी। सरकार के अनुसार, इस परियोजना से प्रदेश में करीब तीन लाख लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार से क्षेत्र के युवाओं, किसानों और महिलाओं को स्थानीय स्तर पर अवसर मिलेंगे।
कार्यक्रम में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर,नगरीय विकास एवं आवास मंत्री तथा धार जिले के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय, महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया, सांसद अनीता नागर सिंह चौहान, विधायक नीना वर्मा,प्रताप ग्रेवाल, निलेश भारतीय, सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।