ग्वालियर में डिलीवरी बॉय की हत्या से सनसनी, सीसीटीवी से आरोपियों की तलाश; बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने ट्रॉमा सेंटर में किया प्रदर्शन
ग्वालियर। बहोड़ापुर थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आनंद नगर चौराहे के पास मोमोज के ठेले पर हुए विवाद के बाद बदमाशों ने एक युवक के सिर में गोली मार दी। वारदात के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आरोपी स्कूटी से फरार हो गए। गंभीर हालत में युवक को ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान विवेक मीणा के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक विवेक ऑनलाइन किराना सामान पहुंचाने का काम करता था और किसी काम से आनंद नगर चौराहे पहुंचा था। इसी दौरान मोमोज के ठेले पर कुछ युवकों से उसका विवाद हो गया। परिजनों का कहना है कि विवाद से पहले आरोपियों से विवेक की कोई पुरानी रंजिश नहीं थी।
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान आरोपियों ने विवेक पर गोली चला दी। गोली सिर में लगने से वह मौके पर ही गंभीर रूप से घायल होकर गिर गया। वारदात के बाद आरोपी स्कूटी पर सवार होकर मौके से भाग निकले।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
बहोड़ापुर थाना प्रभारी आलोक परिहार ने बताया कि विवेक को ट्रॉमा सेंटर लाया गया था, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
ट्रॉमा सेंटर में जुटे कार्यकर्ता
विवेक मीणा, बजरंग दल के सहमंत्री चेतन मीणा का भाई बताया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में बजरंग दल कार्यकर्ता ट्रॉमा सेंटर पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने हत्या के आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। बजरंग दल नेता पप्पू राठौर ने चेतावनी दी कि यदि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो आंदोलन को उग्र किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस हमलावरों की पहचान और वारदात के कारणों की जांच में जुटी है। मामूली विवाद में हुई इस हत्या ने शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।