सी-21 मॉल के पीछे रेस्टोरेंट में खाने पहुंचे युवक का दावा- मोमोज में रेंग रही थीं इल्लियां; संचालक-कर्मचारी से शिकायत के बाद भी नहीं मिला संतोषजनक जवाब
इंदौर। शहर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर एक और गंभीर शिकायत सामने आई है। सी-21 मॉल के पीछे डायमेंशन फर्नीचर के सामने स्थित वी-आर-वन रेस्टोरेंट में मोमोज के अंदर इल्लियां मिलने का दावा किया गया है। शिकायतकर्ता ने कथित तौर पर इल्लियां दिखाई देने वाले मोमोज के फोटो और वीडियो खाद्य विभाग को सौंपकर रेस्टोरेंट की जांच और कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता दीपक मीणा के मुताबिक, शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे वे दोस्तों के साथ रेस्टोरेंट में मोमोज खाने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें मोमोज में कथित तौर पर इल्लियां रेंगती हुई दिखाई दीं। मामला देखते ही उन्होंने इसका फोटो-वीडियो बनाया और रेस्टोरेंट संचालक व कर्मचारियों को इसकी जानकारी दी।
शिकायत पर मचा हंगामा
दीपक मीणा का आरोप है कि मोमोज में इल्लियां मिलने की बात सामने रखने पर रेस्टोरेंट संचालक सिद्धार्थ मालवीय और कर्मचारी सोनू पाल से शिकायत की गई, लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। शिकायतकर्ता के अनुसार, कर्मचारी सोनू पाल ने कहा कि रेस्टोरेंट में मोमोज बनाए ही नहीं जाते, इसलिए इसके लिए रेस्टोरेंट की कोई गलती नहीं है।
घटना के बाद शिकायतकर्ता ने पूरे मामले को खाद्य विभाग के संज्ञान में लाते हुए जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यदि खाद्य पदार्थ में वास्तव में इल्लियां मिली हैं तो इसकी जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।