सीएम मोहन यादव ने होमगार्ड कंट्रोल रूम पहुंचकर लिया जायजा; जरूरत पड़ी तो एयर एंबुलेंस-हेलिकॉप्टर से होगा रेस्क्यू
भोपाल। प्रदेश में जारी मानसूनी बारिश के बीच राहत और बचाव कार्यों को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने होमगार्ड कंट्रोल रूम पहुंचकर प्रदेश में चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन्स की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि अल-नीनो के प्रभाव से इस बार बारिश करीब 15% कम रही है, लेकिन जलभराव और नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर वाले क्षेत्रों में प्रशासन पूरी मुस्तैदी से काम कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राहत एवं बचाव टीमों ने अब तक 527 लोगों को सुरक्षित निकाला है। हाल ही में खंडवा में नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद फंसे 7 कांवड़ियों को भी सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। प्रभावित लोगों के लिए भोजन और अस्थायी आश्रय की व्यवस्था भी की जा रही है।
आपात स्थिति में एयर एंबुलेंस भी तैयार
सीएम ने कहा कि जिला और राज्य स्तर पर बेहतर समन्वय के साथ रेस्क्यू अभियान चलाए जा रहे हैं। जरूरत पड़ने पर एयर एंबुलेंस और हेलिकॉप्टर की मदद भी ली जाएगी, ताकि किसी नागरिक को परेशानी में अकेला न छोड़ा जाए।
मुख्यमंत्री ने नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने तथा जलस्तर बढ़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की। उन्होंने राहत-बचाव में जुटे होमगार्ड और अन्य दलों के जवानों की तत्परता की सराहना भी की।