← वापस
राष्ट्रीय

मानसून सत्र आज से: पेपर लीक, राम मंदिर चढ़ावा, E20 और विदेश नीति पर सरकार को घेरेगा विपक्ष

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
मानसून सत्र आज से: पेपर लीक, राम मंदिर चढ़ावा, E20 और विदेश नीति पर सरकार को घेरेगा विपक्ष

नई दिल्ली। संसद का मानसून सत्र सोमवार से शुरू हो रहा है और पहले ही दिन तीखे राजनीतिक टकराव के आसार हैं। विपक्ष परीक्षा पेपर लीक, लद्दाख से जुड़े मुद्दों पर एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक के विरोध, अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी, पेट्रोल में E20 (20% इथेनॉल मिश्रण) नीति और विदेश नीति जैसे मुद्दों पर केंद्र सरकार को घेरने की तैयारी में है। वहीं सरकार भी कई महत्वपूर्ण विधेयक और विधायी एजेंडा लेकर सदन में उतर रही है।

      सत्र शुरू होने से एक दिन पहले बुलाई गई सर्वदलीय बैठक भी विवादों में घिर गई। तृणमूल कांग्रेस से अलग हुए 20 बागी सांसदों के नए समूह को बैठक में बुलाए जाने पर कांग्रेस, टीएमसी, समाजवादी पार्टी, डीएमके, शिवसेना (यूबीटी), आम आदमी पार्टी और वाम दलों ने कड़ा विरोध जताया। नाराज विपक्षी दलों ने कुछ समय के लिए वॉकआउट भी किया, हालांकि बाद में सभी दल दोबारा बैठक में शामिल हो गए। बैठक की अध्यक्षता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की, जिसमें करीब 40 राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

   इधर, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सोमवार को राज्यसभा में एक महत्वपूर्ण विधेयक पेश करेंगे। प्रस्तावित संशोधन के तहत 'वंदे मातरम्' को राष्ट्रीय गान 'जन गण मन' के समान कानूनी संरक्षण देने का प्रावधान किया गया है। यदि कोई व्यक्ति जानबूझकर राष्ट्रीय गीत का अपमान करता है या उसके गायन में बाधा डालता है, तो उसे तीन वर्ष तक की सजा, जुर्माना या दोनों का सामना करना पड़ सकता है।

     उधर, हाल के राजनीतिक घटनाक्रमों में विपक्ष के कई सांसदों के एनडीए में शामिल होने से सत्ता पक्ष का संख्याबल बढ़ा है। ऐसे में सरकार अपने लंबित विधायी एजेंडे को आगे बढ़ाने की कोशिश करेगी, जबकि विपक्ष जनहित और राजनीतिक मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति के साथ सदन में उतरने की तैयारी में है।

खबरें और भी हैं...