← वापस
भोपाल

मप्र की 4 और धरोहरें विश्व विरासत की कतार में!

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
मप्र की 4 और धरोहरें विश्व विरासत की कतार में!

यूनेस्को की टेंटेटिव लिस्ट में बाघ गुफाएं, गिन्नौरगढ़, बटेश्वर मंदिर समूह और उदयगिरि शामिल; प्रदेश की अस्थायी सूची में अब 19 स्थल

भोपाल। मध्य प्रदेश की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पहचान की दिशा में एक और उपलब्धि मिली है। यूनेस्को की विश्व धरोहरों की अस्थायी सूची यानी टेंटेटिव लिस्ट में प्रदेश के चार और ऐतिहासिक स्थलों को शामिल किया गया है। इनमें धार की बाघ गुफाएं, सीहोर का गिन्नौरगढ़ किला, मुरैना का बटेश्वर मंदिर समूह और विदिशा की उदयगिरि गुफाएं शामिल हैं। इसके साथ यूनेस्को की टेंटेटिव लिस्ट में मध्य प्रदेश की धरोहरों की संख्या बढ़कर 19 हो गई है।

भारत की टेंटेटिव लिस्ट में कुल 78 धरोहरें शामिल हैं। इनमें मध्य प्रदेश की 19 धरोहरें हैं।

      बाघ गुफाओं में भित्तिचित्रों की विरासत

धार जिले में बाघ नदी के किनारे स्थित नौ बौद्ध गुफाओं का समूह चौथी से छठी शताब्दी का माना जाता है। गुफा संख्या-4 यानी रंग महल के भित्तिचित्रों में दरबार, जुलूस, संगीतकार, नर्तक और तत्कालीन सामाजिक जीवन के दृश्य दिखाई देते हैं।

      गिन्नौरगढ़ में गोंडकालीन स्थापत्य

सीहोर जिले के रातापानी के वन क्षेत्र में पहाड़ी पर स्थित गिन्नौरगढ़ किला गोंड शासन की स्थापत्य और प्रशासनिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण उदाहरण माना जाता है।

   बटेश्वर में मंदिर वास्तुकला का समूह

मुरैना जिले का बटेश्वर मंदिर समूह आठवीं से 11वीं शताब्दी की मंदिर वास्तुकला का महत्वपूर्ण केंद्र है। पदावली-ककरामठ क्षेत्र में स्थित मंदिर समूह अपनी स्थापत्य विशेषताओं के लिए जाना जाता है।

     उदयगिरि में गुप्तकालीन कला के प्रमाण

विदिशा के पास स्थित उदयगिरि में पत्थरों को काटकर बनाए गए 20 गुफा मंदिर हैं। यहां मंदिर, मूर्तियां, शिलालेख और प्राकृतिक भू-दृश्य का अनूठा मेल दिखाई देता है। यहां की वराह प्रतिमा गुप्तकालीन धार्मिक कला और वैष्णव परंपरा से जुड़ी महत्वपूर्ण कृति मानी जाती है।

खबरें और भी हैं...