← वापस
मध्यप्रदेश

मरीजों की जगह एंबुलेंस में ढोई जा रही प्याज-सब्जियों की बोरियां,   

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
मरीजों की जगह एंबुलेंस में ढोई जा रही प्याज-सब्जियों की बोरियां, 

 

मुरैना। जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़ा करने वाला मामला पोरसा से सामने आया है। यहां मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए इस्तेमाल होने वाली एंबुलेंस में प्याज और सब्जियों की बोरियां ढोते हुए देखा गया। पोरसा की सब्जी मंडी में दो एंबुलेंस पहुंचीं और इनमें रखी प्याज की बोरियां उतारी गईं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मरीज एंबुलेंस के लिए परेशान, यहां सामान ढोने में इस्तेमाल

एंबुलेंस का काम गंभीर मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाना है, लेकिन पोरसा में इसका इस्तेमाल सब्जियां ढोने के लिए किए जाने का आरोप सामने आया है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब मरीजों को समय पर एंबुलेंस नहीं मिलती, तब सरकारी स्वास्थ्य संसाधनों का इस्तेमाल इस तरह कैसे हो रहा है।

  स्वास्थ्य विभाग ने जांच की बात कही

   वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले का संज्ञान लिया है। अधिकारियों ने जांच के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है। हालांकि, एंबुलेंस किसकी है और उसमें प्याज की बोरियां किसके कहने पर लादी गईं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

   इधर, स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर जिले में पहले भी सवाल उठते रहे हैं। कुछ दिन पहले पोरसा में मेडिकल स्टोर से नशे के इंजेक्शन बेचने का मामला सामने आया था। ऐसे मामलों के बीच एंबुलेंस के कथित दुरुपयोग ने स्वास्थ्य विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि फाइलों में आंकड़े बेहतर दिखाए जा रहे हैं, जबकि जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं।

खबरें और भी हैं...