मेरठ। बहुचर्चित नीले ड्रम हत्याकांड में जिला जज अरविंद कुमार मिश्रा की अदालत ने मुस्कान रस्तोगी और साहिल को सौरभ राजपूत की हत्या का दोषी ठहराया है। दोनों के दोषसिद्ध होने के बाद अब अदालत 14 अक्टूबर को सजा के बिंदु पर सुनवाई करेगी। सौरभ के परिजनों ने दोनों को मृत्युदंड दिए जाने की मांग की है।
अभियोजन के मुताबिक, 3 मार्च 2025 को मुस्कान ने साहिल के साथ मिलकर अपने पति सौरभ की हत्या की थी। इसके अगले दिन शव के करीब 15 टुकड़े कर उन्हें नीले रंग के प्लास्टिक ड्रम में रख दिया गया। 5 मार्च को मुस्कान और साहिल शिमला चले गए थे।
दोनों को हत्या के मामले में दोषी माना
मामले की जांच के दौरान 16 मार्च को पुलिस को हत्या से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके अगले दिन 17 मार्च को सौरभ का शव उसके घर में रखे नीले ड्रम से बरामद किया गया। पुलिस ने 19 मार्च 2025 को मुस्कान और साहिल को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। इसके बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। जुलाई 2025 में मामले का विचारण शुरू हुआ। अदालत में अभियोजन की ओर से गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्य पेश किए गए। लंबी सुनवाई के बाद अदालत ने दोनों आरोपियों को हत्या के मामले में दोषी माना।
जेल से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए जुड़े
फैसले की कार्यवाही के दौरान मुस्कान और साहिल ने जेल से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए अदालत में पेश किए जाने का अनुरोध किया था। जेल सूत्रों के हवाले से बताया गया कि मुस्कान पूजा-पाठ कर रही थी, जबकि साहिल ने अन्य बंदियों से बातचीत कम कर दी थी।
बचाव पक्ष की ओर से मुस्कान की बेटी का हवाला देते हुए सजा में राहत देने का अनुरोध किया गया है। अब 14 अक्टूबर को अदालत अभियोजन और बचाव पक्ष की दलीलें सुनकर दोषसिद्ध दोनों आरोपियों की सजा तय करेगी। सजा के स्वरूप पर उसी दिन स्थिति स्पष्ट होगी।