गांधीनगर चौराहे से दिलीप नगर तिराहे तक कार्रवाई; 75 मीटर चौड़ी सड़क के रास्ते से 6 ढाबे और 4 गुमटियां हटाईं
इंदौर। मास्टर प्लान के तहत प्रस्तावित आरडब्ल्यू-2 सड़क निर्माण की राह में आ रहे अतिक्रमणों पर प्रशासन ने कार्रवाई की। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में इंदौर विकास प्राधिकरण ने गांधीनगर चौराहे से दिलीप नगर तिराहे तक अतिक्रमण हटाकर करीब 20 हजार वर्गफीट भूमि मुक्त कराई।
कार्रवाई के दौरान सड़क मार्ग में बने 6 ढाबे और 4 गुमटियों सहित कुल 10 संरचनाएं हटाई गईं। यहां 75 मीटर चौड़ी सड़क प्रस्तावित है। अतिक्रमण हटाने का उद्देश्य सड़क निर्माण का रास्ता साफ करना और मास्टर प्लान के अनुरूप प्रस्तावित मार्ग को अतिक्रमण मुक्त करना है।
कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग, इंदौर विकास प्राधिकरण और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौजूद रही। तीनों विभागों ने आपसी समन्वय से कार्रवाई को अंजाम दिया। भूमि मुक्त होने से प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ होने की उम्मीद है।