नेमिनाथ-जिंसी से लक्ष्मीबाई प्रतिमा तक दो लेन सड़क का काम तय समय में पूरा करने के निर्देश
इंदौर। शहर में चल रहे मास्टर प्लान सड़क निर्माण कार्यों को लेकर नगर निगम ने निर्माण एजेंसियों पर समय-सीमा तय कर दी है। आयुक्त क्षितिज सिंघल ने गुरुवार को स्मार्ट सिटी कार्यालय में तीन पैकेजों की समीक्षा की और अधूरे कामों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
पैकेज-1 में नेमिनाथ से जिंसी होते हुए लक्ष्मीबाई प्रतिमा तक बन रही दो लेन सड़क का काम 30 अक्टूबर तक पूरा करने को कहा गया। इसी तरह पैकेज-2 में सांवेर रोड पेट्रोल पंप से शिवशक्ति नगर तक सड़क निर्माण 25 अक्टूबर तक पूरा करने के निर्देश दिए गए। एमआर-5 से पीएमएवाई तक पुलिया निर्माण में तेजी और भामोरी से एयरप्लेन चौराहे तक सड़क पर अलग से पुलिया का काम शुरू करने को कहा गया।
पैकेज-4 में मूसाखेड़ी से श्री सांवरिया धाम मंदिर तक सर्विस रोड 30 अक्टूबर तक तथा गुटकेश्वर रोड पर मंदिर और सदर बाजार की ओर चार लेन सड़क का काम 25 अक्टूबर तक पूरा करने की समय-सीमा तय की गई।
होटल प्राइड से सिटी फॉरेस्ट तक सड़क निर्माण के लिए पहले फेंसिंग पूरी कर तत्काल काम शुरू करने के निर्देश दिए गए। जमजम चौराहा से स्टार चौराहा तक चल रहे काम में भी गति बढ़ाने को कहा गया।
निर्माण स्थलों पर सुरक्षा जरूरी
आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण के दौरान नागरिकों की सुरक्षा से समझौता नहीं होगा। सभी स्थलों पर बैरिकेडिंग, संकेतक और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था अनिवार्य रूप से रखने के निर्देश दिए। बाधित कार्यों का विभागीय समन्वय से तत्काल समाधान कर निर्धारित समय में काम पूरा करने को कहा गया।