← वापस
इंदौर

मास्टर प्लान सड़कों पर आयुक्त का सख्त रुख: धीमी रफ्तार पर फटकार, एक हफ्ते में लेफ्ट टर्न पूरा करने के निर्देश

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
मास्टर प्लान सड़कों पर आयुक्त का सख्त रुख: धीमी रफ्तार पर फटकार, एक हफ्ते में लेफ्ट टर्न पूरा करने के निर्देश

इंदौर। शहर में चल रहे मास्टर प्लान सड़क निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने गुरुवार सुबह अधिकारियों और ठेकेदारों को कड़ी फटकार लगाई। एमआर-9 से मालवीय नगर होते हुए एलआईजी लिंक रोड तक निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण करते हुए उन्होंने चेंबर स्ट्रेंथनिंग और नर्मदा लाइन के कार्य में देरी पर नाराजगी जताई तथा एजेंसी को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने सड़क के बीच से गुजर रही सीवर लाइन बार-बार चोक होने की शिकायत की। इस पर आयुक्त ने संबंधित उपयंत्री और जोनल स्टाफ को मौके पर खड़े रहकर पूरी सीवर लाइन व चेंबर की सफाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही ठेकेदार को निर्माण सामग्री चेंबर में नहीं जाने देने की सख्त हिदायत दी।

आयुक्त ने जंजीर वाला चौराहा से लक्ष्मीनारायण चौराहा से छावनी चौराहा तक सड़क निर्माण कार्य तत्काल शुरू करने के निर्देश भी दिए।

इसके बाद हाईकोर्ट चौराहे के लेफ्ट टर्न चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण करते हुए उन्होंने इसे एक सप्ताह में पूरा करने के निर्देश दिए। निगम अधिकारियों ने बताया कि सीटी सेंटर व्यापारी एसोसिएशन ने यातायात सुगम बनाने के लिए स्वेच्छा से भूमि उपलब्ध कराई, जिससे लंबे समय से लंबित लेफ्ट टर्न का विकास कार्य संभव हो सका।

खबरें और भी हैं...