← वापस
इंदौर

मास्टर प्लान सड़कों पर निगम आयुक्त का एक्शन: 15 दिन में पाइपलाइन का काम पूरा करने के निर्देश  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
मास्टर प्लान सड़कों पर निगम आयुक्त का एक्शन: 15 दिन में पाइपलाइन का काम पूरा करने के निर्देश

 

लक्ष्मीबाई प्रतिमा तिराहा-जिन्सी चौराहा सड़क पर तेजी से शुरू होगा अगला चरण; खड़े गणपति रोड और एमआर-4 के काम की भी समीक्षा

इंदौर। शहर में मास्टर प्लान के तहत चल रहे सड़क निर्माण कार्यों को लेकर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने बुधवार सुबह मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। लक्ष्मीबाई प्रतिमा तिराहा से जिन्सी चौराहा होते हुए नेमिनाथ चौराहा तक बन रही सड़क पर जलप्रदाय और सीवरेज पाइपलाइन का काम 15 दिन में पूरा करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सड़क की दूसरी लेन का काम भी जल्द शुरू करने को कहा।

   निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने निर्माण कार्य में तेजी लाने के साथ बारिश के मौसम को देखते हुए सड़क पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम करने के निर्देश दिए, ताकि वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को परेशानी न हो। अधिकारियों ने अब तक हुए काम की जानकारी भी दी।

इसके बाद आयुक्त ने खड़े गणपति से स्कीम नंबर-51 होते हुए टिगरिया बादशाह तक निर्माणाधीन मास्टर प्लान सड़क का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण एजेंसी को काम की गति बढ़ाने और तय समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

     रेलवे बोगदे तिराहे का बनेगा प्लान

एमआर-4 सड़क के निरीक्षण के दौरान पोलो ग्राउंड स्थित एमपीईबी कार्यालय के पास रेलवे बोगदे तिराहे को यातायात और सौंदर्यीकरण की दृष्टि से व्यवस्थित करने के लिए प्लान तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा गया। अधिकारियों को क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखकर प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिए।

      सफाई पर नाराजगी, दो को नोटिस

आयुक्त ने जोन-11 के आरएनटी मार्ग, सरवटे बस स्टैंड, मधु मिलन चौराहा और आसपास के क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था भी देखी। निरीक्षण में सफाई संतोषजनक नहीं मिलने पर जोन-11 के सीएसआई राजेंद्र बेगा और वार्ड-55 के दरोगा विजय चावरे को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

खबरें और भी हैं...