जनविश्वास शिविर के बीच उठे सवाल; कारोबारियों पर बुलडोजर चलाने की मांग, प्रशासन ने दिया कार्रवाई का भरोसा
दमोह। मंत्री लखन पटेल के निर्वाचन क्षेत्र पथरिया में अवैध शराब का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। नरसिंहगढ़ में 35 वर्षीय युवक की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने दमोह-छतरपुर हाईवे पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। लोग अवैध शराब की बिक्री बंद कराने और कथित कारोबारियों के मकानों पर बुलडोजर चलाने की मांग कर रहे थे। इसी बीच पथरिया के रजवास तिराहे के पास एक पिकअप से करीब 200 पेटी अवैध शराब जब्त की गई। एक ओर जनविश्वास अभियान के जरिए जनता का भरोसा जीतने की कवायद चल रही थी, तो दूसरी ओर शराब के मुद्दे पर लोगों का आक्रोश सड़क पर दिखाई दिया।
युवक की मौत के बाद भड़का आक्रोश, कार्रवाई के आश्वासन पर खुला जाम
नरसिंहगढ़ के बाजार मोहल्ला निवासी अभिषेक रैकवार (35) की शुक्रवार सुबह मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, वह पिछले दो दिनों से लगातार शराब का सेवन कर रहा था। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। शव लौटने के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। उन्होंने अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने और कथित कारोबारियों के मकानों पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग की।
सूचना पर पथरिया एसडीएम निकेत चौरसिया, सीएसपी एचआर पांडे, नायब तहसीलदार ब्रंदेश पांडे और देहात थाना प्रभारी धर्मेंद्र उपाध्याय मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। सरपंच प्रतिनिधि राजेंद्र बिजोलिया ने भी सीमांकन के बाद दो दिन में कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ।
रजवास तिराहे पर 200 पेटी शराब, वाहन छोड़कर भागे लोग
उधर, पथरिया के रजवास तिराहे के पास भगवती मानव कल्याण संगठन के कार्यकर्ताओं की सूचना पर पुलिस ने एक पिकअप से करीब 200 पेटी अवैध शराब जब्त की। कार्यकर्ताओं के पहुंचने पर चालक और शराब से जुड़े लोग वाहन छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने पंचनामा बनाकर शराब जब्त कर ली। इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी, कहां पहुंचाई जानी थी और इसके पीछे कौन लोग हैं, इसकी जांच की जा रही है।
जनविश्वास शिविर के बीच सवालों में निगरानी व्यवस्था
नरसिंहगढ़ में चक्काजाम उस समय हुआ, जब जनविश्वास शिविर आयोजित था और मंत्री लखन पटेल सहित वरिष्ठ अधिकारियों के पहुंचने का कार्यक्रम था। एक ही क्षेत्र में युवक की मौत के बाद विरोध और अवैध शराब की बड़ी खेप की बरामदगी ने निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पथरिया एसडीओपी ने मामले में जिम्मेदार लोगों की भूमिका की जांच करने की बात कही है। अब निगाहें जांच और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर हैं।