← वापस
भोपाल

मंत्री विजय शाह के खिलाफ सड़कों पर उतरेंगे पूर्व सैनिक  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
मंत्री विजय शाह के खिलाफ सड़कों पर उतरेंगे पूर्व सैनिक

 

कैबिनेट के फैसले पर रिटायर्ड मेजर जनरल का गुस्सा- सेना की महिला अफसर पर टिप्पणी लाखों सैनिकों का अपमान, सरकार तुरंत कार्रवाई करे

भोपाल। मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कुंवर विजय शाह द्वारा भारतीय सेना की महिला अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर की गई कथित अभद्र टिप्पणी का मामला लगातार तूल पकड़ रहा है। अब पूर्व सैनिकों ने मंत्री के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी है। गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पूर्व सैनिक विभाग के पूर्व अध्यक्ष मेजर जनरल श्याम श्रीवास्तव (सेवानिवृत्त) ने प्रदेश सरकार और मंत्रिमंडल के रुख पर सवाल उठाए।

मेजर जनरल श्याम श्रीवास्तव ने कहा कि सैनिक देश की सुरक्षा के लिए अपना सब कुछ न्योछावर करते हैं। ऐसे में सेना की एक जांबाज महिला अधिकारी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले मंत्री पर कार्रवाई के बजाय उनका बचाव किया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि यदि मंत्रिमंडल ने विजय शाह के पक्ष में फैसला लिया है तो उसे तत्काल बदला जाना चाहिए। सरकार को मामले की गंभीरता को समझते हुए मंत्री के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सेना और सैनिकों के सम्मान का सवाल किसी राजनीतिक दल से बड़ा है।

‘जिस अफसर पर देश को गर्व था, उसी पर टिप्पणी कर दी’

श्रीवास्तव ने कहा कि जिस समय देश बेहद संवेदनशील सैन्य अभियान से गुजर रहा था, उस दौरान कर्नल सोफिया कुरैशी देश और दुनिया तक सेना की कार्रवाई से जुड़ी सटीक जानकारी पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही थीं। देशभर में उनकी भूमिका और साहस की सराहना हो रही थी। ऐसे समय में मंत्री विजय शाह द्वारा उन पर टिप्पणी किया जाना बेहद आपत्तिजनक है।

उन्होंने कहा कि सेना की वर्दी पहनने वाले हर अधिकारी का सम्मान देश की जिम्मेदारी है। किसी महिला सैन्य अधिकारी को लेकर राजनीतिक मंच से इस तरह की टिप्पणी करना केवल एक व्यक्ति का अपमान नहीं, बल्कि देश की सेना और लाखों पूर्व सैनिकों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है।

पूर्व सैनिक बोले- चुप नहीं बैठेंगे

मेजर जनरल श्रीवास्तव ने कहा कि यदि सरकार ने इस मामले में अपना रुख नहीं बदला तो पूर्व सैनिक आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। उन्होंने संकेत दिया कि मंत्री के खिलाफ पूर्व सैनिक सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। उनका कहना है कि सरकार को राजनीतिक दबाव से ऊपर उठकर सेना और सैनिकों के सम्मान को प्राथमिकता देनी चाहिए।

उन्होंने मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल से मांग की कि पूरे मामले में स्पष्ट रुख अपनाया जाए और विजय शाह के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए।

खबरें और भी हैं...