भोपाल। प्रदेश के प्रशासनिक ढांचे में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। नीति आयोग का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) बनाए जाने के बाद अनुराग जैन के दिल्ली रवाना होने से मंत्रालय में अधिकारियों और कर्मचारियों के स्टाफ में फेरबदल शुरू हो गया है। नए मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल के पदभार संभालने के साथ ही उनके कार्यालय और मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) में कई महत्वपूर्ण पदों पर नई नियुक्तियां की गई हैं। सूत्रों के अनुसार आने वाले दिनों में मंत्रालय स्तर पर कुछ और अधिकारी-कर्मचारियों के तबादले और पदस्थापनाएं हो सकती हैं।
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल के निज सचिव की जिम्मेदारी अब हरिशंकर भार्गव को सौंपी गई है, जो अब तक अपर मुख्य सचिव, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के निज सचिव का कार्य देख रहे थे।
इसी तरह अपर मुख्य सचिव, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग सचिन सिन्हा के निज सचिव के रूप में सामान्य प्रशासन पूल से शेख हबीब की पदस्थापना की गई है। प्रमुख सचिव, राजस्व एवं नर्मदा घाटी विकास विभाग डॉ. ई. रमेश कुमार के निज सचिव पद पर संजय कुमार जोशी तथा स्टेनोटाइपिस्ट के रूप में योगेश गोयल को नियुक्त किया गया है।
मुख्यमंत्री कार्यालय में भी बदलाव किए गए हैं। सचिव डॉ. सुदाम खाड़े के स्टेनोग्राफर के रूप में सतीश कुमार शुक्ला तथा मुख्यमंत्री के उप सचिव सुधीर कोचर के स्टाफ में स्टेनोटाइपिस्ट के रूप में पंकज उइके की पदस्थापना की गई है।
मंत्रालय के गलियारों में चर्चा है कि यह बदलाव प्रशासनिक पुनर्संरचना की शुरुआत भर है। सरकार जल्द ही कुछ अन्य वरिष्ठ अधिकारियों और मंत्रालय सेवा के कर्मचारियों के स्टाफ में भी परिवर्तन कर सकती है। ऐसे में आने वाले दिनों में मंत्रालय में और बड़े प्रशासनिक फेरबदल देखने को मिल सकते हैं।