← वापस
मध्यप्रदेश

मंदसौर में नकली दूध की फैक्ट्री पकड़ी, 10 लाख का माल जब्त; दो सगे भाई गिरफ्तार!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
मंदसौर में नकली दूध की फैक्ट्री पकड़ी, 10 लाख का माल जब्त; दो सगे भाई गिरफ्तार!

 

डुंगरखेड़ी में घर के बाड़े में चल रहा था मिलावटी दूध बनाने का कारोबार, मिल्क पाउडर, वनस्पति और यूरिया के कट्टे मिले

मंदसौर। लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले नकली दूध बनाने के कारोबार का शामगढ़ पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। ग्राम डुंगरखेड़ी में एक घर के बाड़े में चल रही फैक्ट्री पर छापा मारकर पुलिस ने करीब 10 लाख रुपए की सामग्री जब्त की। मौके से दो सगे भाइयों कृष्णपाल सिंह और शिवराज सिंह को गिरफ्तार किया गया है। खाद्य विभाग ने भी नमूने लेकर जांच की कार्रवाई शुरू की है।

   पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर नकली खाद्य पदार्थों के निर्माण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ रामस्नेही मिश्रा और एसडीओपी सीतामऊ दिनेश प्रजापति के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय की टीम ने 28 अक्टूबर को दबिश दी। मौके पर नायब तहसीलदार भीमसिंह खराड़ी और जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी धीरेन्द्र सिंह जादोन को भी बुलाया गया।

मिल्क पाउडर, वनस्पति और यूरिया के कट्टे मिले

कार्रवाई के दौरान छह कट्टे मिल्क पाउडर, पांच डिब्बे वनस्पति, चार कट्टे यूरिया, मिक्सर मशीन, गैस भट्ठा, इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा, दूध जांचने की दो मशीनें और अन्य सामग्री मिली। इसके अलावा लिक्विड सोप, दूध भरने की केन और भंडारण के उपकरण भी जब्त किए गए।

       पुलिस ने कृष्णपाल सिंह और शिवराज सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 272, 274, 275 और 110 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है। जब्त सामग्री और नमूनों की जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं...