सोशल मीडिया पर हुई थी पहचान, परिजनों के साथ कोतवाली पहुंची किशोरी; पुलिस ने शुरू की जांच
दमोह। कोतवाली थाना क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी ने युवक पर सोशल मीडिया के जरिए पहचान बढ़ाने के बाद शादी के लिए दबाव बनाने और धमकी देने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अतीक खान के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया गया कि किशोरी सोशल मीडिया के माध्यम से युवक के संपर्क में आई थी। किशोरी के आरोप के मुताबिक, पहचान बढ़ने के बाद युवक उस पर शादी के लिए दबाव बनाने लगा। शादी से इनकार करने पर धमकी देने का भी आरोप है।
मामले को लेकर किशोरी अपने परिजनों के साथ विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों के पास पहुंची। इसके बाद विहिप कार्यकर्ताओं की मदद से परिजनों की मौजूदगी में कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। विहिप जिलाध्यक्ष अजय खत्री ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस बोली- जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
सीएसपी एचआर पांडे ने बताया कि शिकायत के आधार पर युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।