कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने निर्माणाधीन भवन का किया निरीक्षण; गुणवत्ता के साथ तय समय में काम पूरा करने के निर्देश
धार। जिले को जल्द ही आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित नया कलेक्ट्रेट भवन मिलने की उम्मीद है। बुधवार को कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने निर्माणाधीन नवीन कलेक्ट्रेट भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने भवन के विभिन्न हिस्सों में चल रहे कार्यों की प्रगति देखी और निर्माण की गुणवत्ता, अंतिम चरण की फिनिशिंग, वाहन पार्किंग, पौधारोपण और बिजली व्यवस्था की जानकारी ली। कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए।
फिनिशिंग में लापरवाही मिली तो होगी कार्रवाई
कलेक्टर ने भवन के अंतिम चरण में चल रहे कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने दीवारों, फर्श, दरवाजे-खिड़कियों सहित अन्य कार्यों को निर्धारित तकनीकी मापदंडों के अनुसार पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भवन तैयार होने के बाद किसी तरह की कमी सामने नहीं आनी चाहिए। इसके लिए हर स्तर पर नियमित निगरानी जरूरी है।
पार्किंग व्यवस्थित हो, नागरिकों को न हो परेशानी
नए कलेक्ट्रेट में रोजाना बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी और आम नागरिक पहुंचेंगे। इसे देखते हुए कलेक्टर ने पर्याप्त और व्यवस्थित वाहन पार्किंग विकसित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि परिसर में आवागमन सुचारु रहे और लोगों को वाहन खड़ा करने में परेशानी न हो।
पौधारोपण से बढ़ेगी परिसर की हरियाली
कलेक्टर ने परिसर में पौधारोपण और सौंदर्यीकरण की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए। उपलब्ध स्थान के अनुसार पौधे लगाने और पूरे परिसर को स्वच्छ, व्यवस्थित व आकर्षक बनाने पर जोर दिया गया।
बिजली समेत सभी सुविधाएं समय पर हों पूरी
निरीक्षण के दौरान बिजली व्यवस्था सहित अन्य जरूरी सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने शेष कार्य तय समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नया कलेक्ट्रेट केवल सरकारी कार्यालय नहीं, बल्कि जिलेभर से आने वाले नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र होगा। इसलिए यहां की हर व्यवस्था आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखकर विकसित की जाए।