← वापस
धार

नए मतदाताओं के नाम जोड़ने में लापरवाही, धार के 4 BLO को नोटिस; कलेक्टर ने 2 दिन में मांगा जवाब!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
नए मतदाताओं के नाम जोड़ने में लापरवाही, धार के 4 BLO को नोटिस; कलेक्टर ने 2 दिन में मांगा जवाब!

 

निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अनदेखी, न क्षेत्र में पहुंचे और न बीएलओ एप पर शुरू किया काम; संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई

धार। मतदाता सूची में नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के महत्वपूर्ण काम में लापरवाही बरतना धार विधानसभा क्षेत्र के चार बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को भारी पड़ गया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राजीव रंजन मीना ने चारों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दो दिन में लिखित जवाब मांगा है। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

नोटिस पाने वालों में मतदान केंद्र क्रमांक 59 के जितेंद्र ठाकुर, केंद्र क्रमांक 171 के बलवंत यादव, केंद्र क्रमांक 108 की भावना वर्मा और केंद्र क्रमांक 114 के अजय मंडलोई शामिल हैं। चारों धार विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 201 में बीएलओ के रूप में पदस्थ हैं।

  न क्षेत्र में पहुंचे, न एप पर शुरू किया काम

दरअसल, निर्वाचन आयोग के निर्देश पर पहली बार मतदाता बनने वाले पात्र युवाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने का अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत बीएलओ को अपने मतदान केंद्रों के क्षेत्र में भ्रमण कर पात्र युवाओं की पहचान करने, उनसे संपर्क करने और जरूरी दस्तावेज लेकर बीएलओ एप पर आवेदन की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए थे। जांच में सामने आया कि संबंधित बीएलओ ने न तो निर्धारित समय में एप पर काम शुरू किया और न ही अपने क्षेत्रों में पहुंचकर युवाओं से संपर्क किया।

बार-बार निर्देश के बाद भी नहीं सुधरी स्थिति

निर्वाचन संबंधी कार्य में प्रगति नहीं मिलने पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय की ओर से संबंधित बीएलओ को कई बार फोन और नोटिस के माध्यम से निर्देश दिए गए। वरिष्ठ अधिकारियों ने भी मामले में हस्तक्षेप किया, लेकिन इसके बावजूद काम में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। इसे निर्वाचन कार्य में गंभीर लापरवाही और वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना माना गया है।

दो दिन में जवाब नहीं तो कार्रवाई

कलेक्टर ने मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के तहत चारों से जवाब मांगा है। नोटिस मिलने के दो दिन के भीतर उपस्थित होकर लिखित स्पष्टीकरण देना होगा। निर्धारित समय में जवाब नहीं देने या संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं करने पर नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं...