← वापस
इंदौर

निगम का बड़ा एक्शन: किराया नहीं चुकाने वाले 101 दुकानदारों का आवंटन निरस्त  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
निगम का बड़ा एक्शन: किराया नहीं चुकाने वाले 101 दुकानदारों का आवंटन निरस्त

 

9 साल से चल रही कार्रवाई में पहले खाते लॉक, फिर कुर्की और सुनवाई का मौका; बकाया जमा नहीं करने पर अब दुकानें हाथ से गईं

इंदौर। नगर निगम ने अपनी दुकानों का किराया लंबे समय से जमा नहीं करने वाले दुकानदारों पर अब बड़ा एक्शन लिया है। पर्याप्त अवसर देने के बावजूद बकाया किराया जमा नहीं करने और सुनवाई में पक्ष प्रस्तुत नहीं करने वाले 101 दुकानदारों का दुकान आवंटन और निगम अनुबंध निरस्त कर दिया गया है। कार्रवाई 28 सितंबर और 1 अक्टूबर 2026 को की गई।

आयुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देश पर हुई कार्रवाई की जानकारी देते हुए अपर आयुक्त राजस्व आकाश सिंह ने बताया कि निगम ने किराया बकायादारों को सबसे पहले 17 दिसंबर 2017 को दैनिक समाचार पत्रों के माध्यम से सार्वजनिक सूचना जारी कर बकाया जमा करने का अवसर दिया था। इसके बाद भी किराया जमा नहीं करने वाले 412 दुकानदारों के खाते वर्ष 2017-18 में लॉक किए गए थे। इनमें पालिका प्लाजा, हरसिद्धि, प्रिंस यशवंत रोड, मालवा मिल-शिवाजी नगर और सरदार पटेल ब्रिज सहित अन्य मार्केट की दुकानें शामिल थीं।

बाद में निगम ने बकायादारों को दोबारा अवसर दिया। निर्धारित प्रक्रिया के तहत राशि जमा करने वालों के खाते नियमित कर किराया जमा कराया गया। इसके बावजूद 254 दुकानदारों के बकाया खाते शेष रहे। वर्ष 2026 में फिर सूचना देने के बाद भी भुगतान नहीं करने पर मई में दुकानों की कुर्की की कार्रवाई की गई।

इसके बाद भी अंतिम मौका देते हुए 7 सितंबर को सूचना पत्र जारी कर सात दिन में बकाया जमा करने और अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया। 101 दुकानदार न तो बकाया जमा कर सके और न ही सुनवाई में उपस्थित हुए। अनुबंध और आवंटन शर्तों का पालन नहीं करने पर निगम ने अब इनके आवंटन निरस्त कर दिए हैं।

खबरें और भी हैं...