← वापस
इंदौर

निगम का बड़ा एक्शन: नियम तोड़कर चल रहीं 6 दुकानें सील, किराए पर देकर चला रहे थे कारोबार  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
निगम का बड़ा एक्शन: नियम तोड़कर चल रहीं 6 दुकानें सील, किराए पर देकर चला रहे थे कारोबार

 

अब निगम के सभी मार्केटों में चलेगा सघन सत्यापन अभियान

इंदौर। नगर निगम ने अपनी मार्केटों में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नूतन स्कूल कम्पाउंड मार्केट की छह दुकानों को सील कर दिया। जांच में सामने आया कि जिन दुकानों का आवंटन मूल हितग्राहियों के नाम पर किया गया था,उनका संचालन दूसरे लोग किराएदार या खरीदार बनकर कर रहे थे। इसे दुकान आवंटन अनुबंध की शर्तों का गंभीर उल्लंघन मानते हुए निगम ने तत्काल सीलिंग की कार्रवाई की।

    नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देश पर मार्केट विभाग द्वारा शहर की निगम संपत्तियों का निरीक्षण एवं सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अपर आयुक्त आकाश सिंह और उपायुक्त गरिमा पाटीदार के निर्देशन में अधिकारियों ने नूतन स्कूल कम्पाउंड मार्केट का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई दुकानों में मूल आवंटी की जगह अन्य व्यक्तियों द्वारा व्यवसाय संचालित किया जाना पाया गया।

कार्रवाई के तहत दुकान क्रमांक 1 एवं 2 (बाबूलाल चतुरलाल), दुकान क्रमांक 4 (ताराचंद शांतिलाल), दुकान क्रमांक 5 (वीरेंद्र प्रताप सिंह), दुकान क्रमांक 6 (जावेद शेख) तथा दुकान क्रमांक 10 (शैलेन्द्र ताराचंद) को सील कर दिया गया।

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि निगम की आवंटित दुकानों को किसी अन्य व्यक्ति को किराए पर देना या अनुबंध की शर्तों के विपरीत संचालन कराना पूरी तरह प्रतिबंधित है। ऐसे मामलों में न केवल दुकान सील की जाएगी,बल्कि नियमानुसार अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

   निगम अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और शहर की सभी निगम मार्केटों का चरणबद्ध सत्यापन किया जाएगा। जहां भी अनुबंध उल्लंघन,अवैध हस्तांतरण या किराए पर संचालन जैसी अनियमितताएं मिलेंगी,वहां बिना किसी पूर्व सूचना के सख्त कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं...