← वापस
इंदौर

निगम मुख्यालय में देरी पर आयुक्त सख्त,सफाई में लापरवाही पर 4 कर्मचारियों का वेतन कटा  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
निगम मुख्यालय में देरी पर आयुक्त सख्त,सफाई में लापरवाही पर 4 कर्मचारियों का वेतन कटा

 

नवीन भवन का काम तेज करने के निर्देश,विभागों की जल्द होगी शिफ्टिंग; सड़कों-गलियों से सीएंडडी वेस्ट हटाने के आदेश

      इंदौर। नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने सोमवार को शहर की सफाई व्यवस्था से लेकर निगम मुख्यालय के निर्माण कार्यों तक का मैदानी निरीक्षण किया। नवीन निगम भवन के निर्माण में देरी पर आयुक्त ने संबंधित एजेंसी के प्रतिनिधियों को फटकार लगाते हुए काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। वहीं सफाई व्यवस्था में लापरवाही मिलने पर चार कर्मचारियों के दो-दो दिन का वेतन काटने के निर्देश जारी किए।

    आयुक्त ने निगम मुख्यालय के नवीन भवन के बेसमेंट और भूतल का निरीक्षण किया। वॉटर टैंक और कनेक्टिविटी रोड के काम में देरी पर नाराजगी जताते हुए शेष कार्य जल्द पूरा करने को कहा। भूतल,दूसरी और तीसरी मंजिल पर सिविल वर्क, रंगाई-पुताई,अग्नि सुरक्षा, साफ-सफाई, बैठक व्यवस्था और पार्टिशन का काम भी गति से पूरा करने के निर्देश दिए। जनकार्य,लेखा, पेंशन,सीवरेज और लीज शाखा सहित अन्य विभागों को नए भवन में शिफ्ट करने की तैयारी करने को कहा गया। पार्किंग और अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

    इसके बाद आयुक्त ने जीपीओ चौराहा,एबी रोड, बंगाली चौराहा, सपना-संगीता रोड, टॉवर चौराहा, पलसीकर चौराहा, कलेक्टर चौराहा, महूनाका, विदुर नगर और फूटी कोठी सहित कई क्षेत्रों की सफाई व्यवस्था देखी।

    गोंदवले धाम पानी की टंकी रोड पर गंदगी मिलने पर सीएसआई श्याम मांडेकर और दरोगा बलराम सिरसिया का दो-दो दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए। विदुर नगर में सफाई व्यवस्था खराब मिलने पर सीएसआई मनीषचंद्र सिंह और दरोगा अवधेश गौहर पर भी यही कार्रवाई की गई।

   आयुक्त ने मुख्य मार्गों और गलियों से निर्माण एवं विध्वंस मलबा हटाने,कचरा पॉइंट बनने से रोकने और फुटपाथ पर सामान रखने वाले दुकानदारों पर निगरानी के निर्देश दिए। बंगाली ब्रिज के नीचे अतिक्रमण हटाने तथा अन्नपूर्णा तालाब के पास पड़ा कचरा तत्काल हटाने को भी कहा गया।

खबरें और भी हैं...