संपत्तिकर, जलकर और कचरा शुल्क सहित सभी देनदारियां जमा करना अनिवार्य; नियमित से लेकर आउटसोर्स कर्मचारियों पर भी लागू होगा आदेश
इंदौर। आम नागरिकों से समय पर कर वसूलने वाला नगर निगम अब अपने ही अधिकारियों और कर्मचारियों से बकाया वसूली सुनिश्चित करेगा। आयुक्त क्षितिज सिंघल ने निर्देश जारी किए हैं कि निगम के सभी अधिकारी-कर्मचारी 31 दिसंबर 2026 तक अपने और परिवार के सदस्यों के नाम दर्ज संपत्तियों का संपत्तिकर, जलकर, कचरा प्रबंधन शुल्क, यूजर चार्ज सहित सभी निगम कर एवं शुल्क जमा करें।
यह आदेश नियमित, मस्टर, विनियमित और आउटसोर्स एजेंसियों के माध्यम से कार्यरत कर्मचारियों पर भी लागू होगा। कर जमा करने के बाद सभी कर्मचारियों को भुगतान की रसीद और प्रमाण सहित आवेदन अपने विभाग प्रमुख को सौंपना होगा।
आयुक्त ने विभाग प्रमुखों को निर्देश दिए हैं कि वे स्वयं के साथ अधीनस्थ कर्मचारियों से भी शत-प्रतिशत कर जमा कराएं। इसके लिए कर्मचारियों की सूची और अनुपालन प्रतिवेदन जनवरी 2027 में वेतन भुगतान से पहले लेखा शाखा को प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
आउटसोर्स एजेंसियों को भी अपने कर्मचारियों के कर भुगतान का अनुपालन प्रतिवेदन देना होगा। निगम प्रशासन के इस आदेश से अब कर्मचारियों के लिए भी अपने सभी निगम कर और शुल्क समय-सीमा में चुकाना अनिवार्य हो गया है।