← वापस
इंदौर

नागपंचमी पर इंदौर में वन विभाग अलर्ट, सांपों का प्रदर्शन किया तो होगी कार्रवाई  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
नागपंचमी पर इंदौर में वन विभाग अलर्ट, सांपों का प्रदर्शन किया तो होगी कार्रवाई

 

17 अगस्त को सुबह 7 से शाम 5 बजे तक चलेगी निगरानी; सपेरों और कालबेलिया समुदाय के वन्यजीव प्रदर्शन पर रोक, कार्रवाई की होगी वीडियोग्राफी

      इंदौर। नागपंचमी पर सांपों का प्रदर्शन और उन्हें लेकर शहर में घूमने वालों पर वन विभाग ने सख्ती की तैयारी कर ली है। 17 अगस्त को नागपंचमी के मौके पर शहर और आसपास के क्षेत्रों में सांपों के प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए वन परिक्षेत्र इंदौर ने विशेष गश्ती दल गठित किए हैं। विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वन्यजीवों को लेकर होने वाले प्रदर्शन पर रोक लगाई जाए और नियमों का उल्लंघन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

      वन परिक्षेत्राधिकारी कार्यालय से जारी आदेश के मुताबिक शहर के अलग-अलग हिस्सों को तीन क्षेत्रों में बांटकर अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। सभी दल सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक निगरानी और रोकथाम की कार्रवाई करेंगे। दलों को कार्रवाई के दौरान मौके का पंचनामा तैयार करने, आवश्यक कार्रवाई करने और सांपों को जंगल में सुरक्षित छोड़ने के बाद प्रतिवेदन कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

    राजवाड़ा से विजय नगर तक निगरानी

पहले दल की जिम्मेदारी नवलखा, भंवरकुआं,रिंग रोड और आसपास के क्षेत्रों की रहेगी। इसका नेतृत्व कोमल पालीवाल करेंगे। दूसरे दल की जिम्मेदारी राजवाड़ा,विजय नगर और इंदौर शहर के अन्य क्षेत्रों की रहेगी,जबकि तीसरा दल अन्नपूर्णा, लाबरिया भेरू और आसपास के इलाकों में निगरानी करेगा।

      विवाद से बचने के भी निर्देश

वन विभाग ने कार्रवाई के साथ ही कर्मचारियों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। आदेश में कहा गया है कि सपेरों या शहर में घूमने वाले कालबेलिया समुदाय के लोगों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह की विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो। दल प्रभारी और सहायक कर्मचारियों को इस बात का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।

    फोटो लेकर अगले दिन देनी होगी रिपोर्ट

अधिकारियों को कार्रवाई की फोटो लेने और अगले दिन कार्यालय को पूरी जानकारी देने के निर्देश हैं। विभाग का फोकस सांपों को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ने और वन्यजीवों के प्रदर्शन पर प्रभावी रोक लगाने पर रहेगा।

       इनका कहना

 “नागपंचमी पर आस्था के नाम पर वन्यजीवों का प्रदर्शन या तमाशा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सांपों को पकड़कर सार्वजनिक रूप से दिखाने वालों पर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई होगी। नियमों का उल्लंघन मिलने पर टीम मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करेगी।”— रेंजर संगीता ठाकुर, इंदौर

खबरें और भी हैं...