फिल्मी अंदाज में पीछा... आंवली घाट पुल पर घेराबंदी कर पकड़ा; 1.20 लाख का वाहन-सागौन जब्त
बुधनी/रेहटी। रेहटी वन परिक्षेत्र में सागौन तस्करी कर भाग रहे वन माफिया को वन अमले ने फिल्मी अंदाज में पीछा कर आंवली घाट पुल पर दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान आरोपी ने बायां नाका तोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन वनकर्मियों की तत्परता के आगे उसकी चाल काम नहीं आई।
वन अमले के अनुसार बायां नाके पर संदिग्ध वाहन एमपी 05 एलए 1593 को रोकने का प्रयास किया गया था। वाहन चालक ने रुकने के बजाय तेज गति से वाहन दौड़ा दिया और नाका तोड़कर भाग निकला। इसके बाद वनकर्मियों ने पीछा शुरू किया। आंवली घाट पुल पर घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया गया और आरोपी को पकड़ लिया गया।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 10 नग अवैध सागौन इमारती लकड़ी मिली। पकड़े गए आरोपी की पहचान भूपेंद्र कुमार बरेले निवासी रसुलिया, नर्मदापुरम के रूप में हुई है। वन विभाग ने जब्त सागौन और वाहन की कुल कीमत करीब 1 लाख 20 हजार रुपए आंकी है।
कार्रवाई में बीट गार्ड नवीन कुमार सिंह के साथ सुरक्षा श्रमिक मंगल सिंह, महेश किर, शेरनी सिंह और भगवान सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आरोपी के खिलाफ वन अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इंदौर में भी वन माफिया पर शिकंजे का इंतजार
इंदौर वन वृत्त में भी वन माफिया की सक्रियता लगातार सवालों में है। राज्यस्तरीय उड़नदस्ते की कार्रवाई के बाद वन विभाग हरकत में आया है और अब तस्करों पर कार्रवाई का सिलसिला शुरू हुआ है। हालांकि सवाल यह है कि छोटे स्तर के आरोपियों तक सीमित कार्रवाई के बीच बड़े वन माफिया अब भी विभाग की पकड़ से दूर क्यों हैं? वन क्षेत्रों से लकड़ी की अवैध कटाई और तस्करी पर प्रभावी कार्रवाई की जरूरत है।