लेंटर्न चौराहे के नाना भाई ज्वेलर्स में दिखाई हाथ की सफाई; असली सोने की चेन लेकर हुईं फरार, तीन नकली चेन बरामद
इंदौर। सराफा कारोबारियों को झांसा देकर ठगी करने का नया तरीका सामने आया है। तुकोगंज थाना क्षेत्र के लेंटर्न चौराहे पर दो महिलाओं ने नकली सोने की चेन को असली बताकर ज्वेलर से असली सोने की चेन हड़प ली। मामले में पुलिस ने धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर दोनों महिलाओं को हिरासत में लिया है। उनके कब्जे से तीन नकली चेन भी बरामद की गई हैं।
पुलिस के मुताबिक,घटना 28 अक्टूबर की शाम करीब 5 बजे नाना भाई ज्वेलर्स पर हुई। दुकान संचालक दर्शन सोनी निवासी जौहरी पैलेस कॉलोनी,अन्नपूर्णा ने शिकायत में बताया कि दो महिलाएं दुकान पर पहुंचीं और बातचीत के दौरान नकली चेन को असली बताकर भरोसे में ले लिया। इसके बाद महिलाओं ने चालाकी से दुकान में रखी असली सोने की चेन अपने कब्जे में कर ली और वहां से निकल गईं। बाद में चेन की जांच करने पर ज्वेलर को ठगी का पता चला।
शिकायत के बाद तुकोगंज पुलिस ने जांच शुरू की। एक महिला की पहचान मीनाक्षी रघुवंशी निवासी परदेशीपुरा के रूप में हुई है, जबकि दूसरी उज्जैन की रहने वाली बताई गई है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के अनुसार, मामले में आगे की जांच जारी है।