मास्क पहनकर सामान खरीदता, ऑनलाइन पेमेंट का बहाना बनाकर कर्मचारी को साथ ले जाता; सुनसान जगह पर छोड़कर फरार हो जाता था
भोपाल। न्यू मार्केट में खुद को नगर निगम अधिकारी बताकर दुकानदारों से ठगी करने वाले आरोपी को दुकानदारों ने पहचानकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। टीटी नगर पुलिस ने आरोपी अनिल मिश्रा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी करीब 10 दुकानदारों को अपने झांसे में लेकर ठगी कर चुका है।
आरोपी मास्क पहनकर दुकानों पर पहुंचता था और खुद को नगर निगम का अधिकारी बताकर सामान खरीदता था। सामान लेने के बाद वह ऑनलाइन पेमेंट करने की बात कहता, लेकिन पेमेंट नहीं होने का बहाना बनाकर दुकानदार के कर्मचारी को अपने साथ चलने के लिए तैयार कर लेता था। इसके बाद रास्ते में सुनसान जगह देखकर कर्मचारी को उतार देता और सामान लेकर फरार हो जाता था।
लगातार ऐसी घटनाओं के बाद न्यू मार्केट के दुकानदार सतर्क हो गए थे। इसी दौरान कुछ दुकानदारों ने आरोपी को पहचान लिया और उसे पकड़कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीटी नगर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पुलिस जांच में आरोपी के खिलाफ अन्य थानों में भी मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। अब पुलिस उससे पूछताछ कर पूर्व में की गई वारदातों और उसके साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी ने किन-किन दुकानदारों को अपना निशाना बनाया।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है। अन्य वारदातों का खुलासा होने की संभावना है।