← वापस
इंदौर

नक्शे से ज्यादा निर्माण का आरोप: साधना नगर में कोचिंग बिल्डिंग पर बवाल, रहवासियों ने निगम आयुक्त से की कार्रवाई की मांग

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
नक्शे से ज्यादा निर्माण का आरोप: साधना नगर में कोचिंग बिल्डिंग पर बवाल, रहवासियों ने निगम आयुक्त से की कार्रवाई की मांग

पार्किंग और ग्रीनरी की जगह भी नहीं छोड़ी, एक साल से शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का आरोप

इंदौर। शहर के साधना नगर में एक निर्माणाधीन व्यावसायिक भवन को लेकर स्थानीय रहवासियों ने नगर निगम पर सवाल उठाए हैं। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि निगम से स्वीकृत नक्शे के विपरीत भवन का निर्माण किया जा रहा है। इसे लेकर रहवासियों ने निगम आयुक्त को लिखित शिकायत सौंपते हुए तत्काल जांच और कार्रवाई की मांग की है।

स्थानीय नागरिक राजेश बिजंवे के नेतृत्व में दिए गए शिकायत पत्र में बताया गया कि विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-1 के वार्ड क्रमांक-4 स्थित साधना नगर के मकान नंबर-28 पर 30×50 फीट (1500 वर्ग फीट) के आवासीय प्लॉट पर निगम से तीन मंजिला भवन की अनुमति ली गई थी। आरोप है कि मौके पर पूरे प्लॉट पर कमर्शियल कोचिंग क्लास के लिए निर्माण किया जा रहा है, जो स्वीकृत नक्शे और भवन अनुमति की शर्तों के विपरीत है।

    शिकायतकर्ताओं का कहना है कि निर्माण में न तो पार्किंग के लिए निर्धारित स्थान छोड़ा गया है और न ही ग्रीनरी के लिए आवश्यक जगह रखी गई है। इससे भविष्य में क्षेत्र में यातायात और पार्किंग की गंभीर समस्या खड़ी हो सकती है। रहवासियों का यह भी आरोप है कि पिछले एक वर्ष से संबंधित अधिकारियों को मौखिक शिकायतें की जा रही हैं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, जबकि निर्माण लगातार जारी है।

    शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि भवन मालिक विरोध करने वाले रहवासियों को धमकाते हुए कहता है कि "जो करना है कर लो, हमारा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।"

     राजेश बिजंवे ने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में क्षेत्र में विवाद और अव्यवस्था की स्थिति बन सकती है। शिकायत पर मनीष कोठारी, भूपेंद्र वर्मा, दिनेश होलकर, मुकेश होलकर, नीलेश मोदी सहित कई रहवासियों के हस्ताक्षर हैं। सभी ने निगम आयुक्त और महापौर से मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमों के विरुद्ध हुए निर्माण पर वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की है।

खबरें और भी हैं...