← वापस
इंदौर

नलों पर मोटर लगाई तो जब्त होगी, 85 वार्डों में लगेंगी प्याऊ!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
नलों पर मोटर लगाई तो जब्त होगी, 85 वार्डों में लगेंगी प्याऊ!

 

महापौर की बैठक में जल संरक्षण पर फैसले; सरकारी बोरिंग से हटेंगे कब्जे, बार-बार पानी बर्बाद करने पर कटेगा चालान

इंदौर। शहर में पानी की बर्बादी रोकने और गर्मी में संभावित जल संकट से निपटने के लिए नगर निगम ने तैयारी शुरू कर दी है। नलों पर मोटर लगाकर पानी खींचने वालों की मोटर जब्त की जाएगी। सरकारी बोरिंग पर अवैध कब्जे हटाए जाएंगे और शहर के सभी 85 वार्डों में कम से कम एक प्याऊ स्थापित करने के लिए स्थान चिह्नित किए जाएंगे।

महापौर पुष्यमित्र भार्गव की अध्यक्षता में निगम मुख्यालय पर हुई उच्चस्तरीय बैठक में जलापूर्ति, जल संरक्षण और सफाई व्यवस्था की समीक्षा की गई। बैठक में जल कार्य प्रभारी अभिषेक शर्मा बबलू, अपर आयुक्त आशीष पाठक सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

तीन-चार बार समझाइश,फिर चालानी कार्रवाई

नलों में टोटी लगाने और पानी व्यर्थ बहने से रोकने के लिए गैर-सरकारी संगठनों की मदद से घर-घर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। वाहनों की धुलाई सहित अन्य कामों में पीने के पानी का अनावश्यक इस्तेमाल नहीं करने की समझाइश दी जाएगी। बार-बार समझाने के बाद भी नियमों का उल्लंघन करने वालों पर चालानी कार्रवाई होगी। नलों पर मोटर लगाकर पानी खींचने वालों को भी पहले चेतावनी दी जाएगी, इसके बाद मोटर जब्त की जाएगी।

     बोरिंग से लेकर तालाबों तक पर नजर

सरकारी बोरिंग पर अवैध कब्जे चिह्नित कर उन्हें हटाया जाएगा। इन बोरिंग से जलापूर्ति की पाइपलाइन बिछाकर अधिक घरों तक पानी पहुंचाने की संभावनाएं भी तलाशी जाएंगी। जिन क्षेत्रों में बार-बार जल संकट की स्थिति बनती है, वहां के लिए अलग कार्ययोजना तैयार होगी। तालाबों के आसपास अग्निशमन और अन्य जरूरतों के लिए हाइड्रेंट बनाने की जगह भी चिह्नित की जाएगी।

     दीपावली से पहले सफाई पूरी करने के निर्देश

बैठक में सफाई व्यवस्था की भी समीक्षा हुई। अधिकारियों को सड़कों और सार्वजनिक स्थानों से घास हटाने, निर्माण एवं विध्वंस का मलबा उठाने और विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। निगम का लक्ष्य दीपावली से पहले सफाई से जुड़े जरूरी काम पूरे करना है।

खबरें और भी हैं...