झाबुआ में विकासखंड शिक्षा अधिकारी पर रिश्वत मांगने का आरोप; सहायक ग्रेड-3 कर्मचारी ने कार्यालय में ली राशि, ₹2.30 लाख के वेतन बिल पास कराने का मामला
झाबुआ इंदौर। निलंबन अवधि के आठ महीने का बकाया वेतन निकालने के बदले 10 हजार रुपए की रिश्वत मांगने के मामले में लोकायुक्त इंदौर की टीम ने गुरुवार को कार्रवाई की। विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, झाबुआ में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 पवन सिंह बिलवाल को रिश्वत की राशि लेते रंगेहाथ पकड़ा गया। मामले में विकासखंड शिक्षा अधिकारी जय नारायण बैरागी पर रिश्वत की राशि दिलवाने का आरोप है।

लोकायुक्त के अनुसार, शासकीय बालक छात्रावास सेमलिया बड़ी, झाबुआ के अधीक्षक धूम सिंह पिता पुन सिंह सिंगाड़ ने शिकायत की थी कि निलंबन अवधि के आठ महीने का करीब 2 लाख 30 हजार रुपए का वेतन निकालने के बिल पास कराने के एवज में उनसे 10 हजार रुपए मांगे जा रहे हैं।
शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय के निर्देश पर शिकायत का सत्यापन कराया गया। शिकायत सही पाए जाने पर 22 अक्टूबर 2026 को ट्रैप की योजना बनाई गई। कार्रवाई के दौरान आरोप है कि जय नारायण बैरागी ने अपने कार्यालय में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 पवन सिंह बिलवाल के माध्यम से रिश्वत की राशि दिलवाई। लोकायुक्त टीम ने पवन सिंह बिलवाल को 10 हजार रुपए लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया।
आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 7 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 61(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। कार्रवाई महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश और उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में की गई।
ट्रैप दल में ये रहे शामिल
निरीक्षक आशुतोष मिठास, प्रधान आरक्षक विजय, विवेक मिश्रा तथा आरक्षक आदित्य भदौरिया, कमलेश और पवन पटोरिया कार्रवाई में शामिल रहे।