← वापस
उज्जैन

नीलगंगा में खूनी गैंगवार: गोलियों से दहला इलाका, भाजपा नेता के दो भतीजों की मौत; एक आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
नीलगंगा में खूनी गैंगवार: गोलियों से दहला इलाका, भाजपा नेता के दो भतीजों की मौत; एक आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल

उज्जैन। नीलगंगा क्षेत्र शनिवार देर रात खूनी संघर्ष से दहल उठा। पुराने विवाद को लेकर गोरकर और पासी गुट आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया और पत्थरबाजी के साथ गोलियां चलने लगीं। इस घटना में भाजपा नेता दिलीप राव गोरकर उर्फ दिल्लू पहलवान के दो भतीजों लोकेश और जितेश की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि दिलीप गोरकर और उनका पुत्र तपन गोरकर घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया और भारी पुलिस बल तैनात किया गया।

पुलिस के अनुसार, शनिवार रात करीब 11:30 बजे नीलगंगा चौराहे के पास दोनों पक्षों के बीच पुराने विवाद को लेकर कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में खूनी संघर्ष में बदल गई। आरोप है कि पासी गुट के आधा दर्जन से अधिक लोगों ने गोरकर परिवार पर हमला कर दिया। हमले के दौरान फायरिंग और पथराव से अफरा-तफरी मच गई।

नीलगंगा में खूनी गैंगवार: गोलियों से दहला इलाका, भाजपा नेता के दो भतीजों की मौत; एक आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल - 2

घटना के बाद पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराओं में आठ आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया। अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें एक महिला भी शामिल है। शेष आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश के दौरान एक आरोपी ने पुलिस टीम से बचने का प्रयास किया। इस दौरान हुई पुलिस कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इसे शॉर्ट एनकाउंटर बताया है।

नीलगंगा में खूनी गैंगवार: गोलियों से दहला इलाका, भाजपा नेता के दो भतीजों की मौत; एक आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल - 3

रविवार को भी पुलिस ने क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला और अतिरिक्त बल तैनात रखा। संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं।

खबरें और भी हैं...